पीलीभीत। प्रदेश में लगातार बढ़ रही गर्मी और उमस को देखते हुए अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष देवेश बंसल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर विद्यालयों का ग्रीष्मकालीन अवकाश एक सप्ताह और बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि मौजूदा मौसम में छोटे बच्चों को विद्यालय भेजना स्वास्थ्य की दृष्टि से उचित नहीं होगा।मुख्यमंत्री के नाम भेजे गए पत्र में उन्होंने कहा कि प्रदेश के अधिकांश विद्यालय खुल चुके हैं अथवा खुलने वाले हैं, लेकिन तापमान लगातार ऊंचा बना हुआ है। ऐसे में बच्चों को लू, डिहाइड्रेशन और अन्य मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने आग्रह किया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए अवकाश की अवधि बढ़ाई जाए।
देवेश बंसल ने कहा कि यदि सरकार एक सप्ताह का अतिरिक्त अवकाश घोषित करती है तो इससे प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को राहत मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री इस जनहित से जुड़े विषय पर सकारात्मक निर्णय लेकर आवश्यक निर्देश जारी करेंगे।
