शुकुलबाजार: दुकान कब्जे के विवाद में चली गोलियां, चार आरोपी गिरफ्तार! लाइसेंसी रिवाल्वर, जिंदा कारतूस व खोखा बरामद, स्कॉर्पियो वाहन भी सीज
June 01, 2026
शुकुलबाजार/अमेठी। कस्बे में दुकान पर कब्जे के विवाद को लेकर हुई फायरिंग के मामले में शुकुल बाजार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मारपीट और फायरिंग के मुकदमे में वांछित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक लाइसेंसी रिवाल्वर, चार जिंदा कारतूस तथा दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपियों के इस्तेमाल की जा रही स्कॉर्पियो वाहन को भी सीज कर दिया गया है।पुलिस के अनुसार, रविवार रात थाने के सामने स्थित कस्बा क्षेत्र में दुकान कब्जाने के विवाद को लेकर फायरिंग की घटना हुई थी। मामले में पीड़िता निर्मला शर्मा की तहरीर पर हत्या के प्रयास समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।थानाध्यक्ष विवेक वर्मा ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने स्कॉर्पियो सवार चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान शिवबरदान सिंह के कब्जे से एक लाइसेंसी रिवाल्वर, चार जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में शिवबरदान सिंह ने बताया कि बरामद रिवाल्वर हरिओम सिंह उर्फ गोलू की है।पुलिस ने बरामद रिवाल्वर और कारतूसों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, जबकि मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। घटना के बाद कस्बे में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठे सवालों के बीच पुलिस की इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
