Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

पीलीभीतः इतिहास में आज जुड़ेगा नया अध्याय, मुख्यमंत्री योगी देंगे विकास और अधिकारों की दोहरी सौगात! सैकड़ों लोगों का भारतीय नागरिक बनने का सपना होगा पूरा


महामंडलेश्वर एवं बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद महाराज ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की

पीलीभीत। जनपद पीलीभीत के लिए सोमवार का दिन कई मायनों में ऐतिहासिक बनने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्र के पतरासा कुंवरपुर में आयोजित विशाल जनसभा के दौरान विकास, जनकल्याण और सामाजिक न्याय से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णयों को धरातल पर उतारेंगे। इस दौरे की सबसे बड़ी उपलब्धि उन हजारों परिवारों के लिए होगी, जो वर्षों से अपनी ही जमीन पर स्थायी स्वामित्व का अधिकार मिलने की प्रतीक्षा कर रहे थे। मुख्यमंत्री के हाथों उन्हें भूमि का मालिकाना हक प्रदान किया जाएगा, जिससे उनका दशकों पुराना संघर्ष समाप्त हो जाएगा। मुख्यमंत्री कार्यक्रम के दौरान लगभग 4,693 बंगाली एवं पूर्वांचल के विस्थापित परिवारों को भूमि के स्वामित्व संबंधी दस्तावेज सौंपेंगे। इसके साथ ही 106 पात्र लाभार्थियों को भारतीय नागरिकता प्रमाणपत्र भी प्रदान किए जाएंगे। इन दोनों फैसलों से हजारों परिवारों को कानूनी पहचान के साथ-साथ आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा का नया आधार मिलेगा। जनसभा में मुख्यमंत्री 515 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी करेंगे। इन परियोजनाओं में सड़क निर्माण, सिंचाई व्यवस्था का विस्तार, स्वास्थ्य सेवाओं का सुदृढ़ीकरण, शिक्षा, विद्युत, पेयजल, ग्रामीण विकास तथा आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कई कार्य शामिल हैं। माना जा रहा है कि इन योजनाओं के पूरा होने से जिले के विकास को नई गति मिलेगी और आम लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

पूर्वी पाकिस्तान (वर्तमान बांग्लादेश) से आए हजारों परिवारों को वर्ष 1964 से 1971 के बीच पीलीभीत के विभिन्न क्षेत्रों में बसाया गया था। इसी दौरान पूर्वांचल के भूमिहीन परिवारों को भी सरकारी योजना के तहत कृषि एवं आवास के लिए भूमि आवंटित की गई थी, लेकिन उन्हें स्थायी स्वामित्व नहीं मिल पाया। वर्षों तक इन परिवारों ने अस्थायी अधिकारों के सहारे जीवन व्यतीत किया। अब शासन के निर्णय के बाद भूमि पर उनका कानूनी अधिकार सुनिश्चित होगा, जिससे वे बैंक ऋण, सरकारी योजनाओं और अन्य राजस्व संबंधी सुविधाओं का पूरा लाभ उठा सकेंगे। इसी प्रकार लंबे समय से नागरिकता प्रक्रिया पूरी होने की प्रतीक्षा कर रहे 106 पात्र लोगों को भारतीय नागरिकता प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे। इसके बाद उन्हें भारतीय नागरिक के रूप में सभी संवैधानिक अधिकार प्राप्त होंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्र पूरी तरह उत्साह में दिखाई दे रहा है। जनसभा को ऐतिहासिक स्वरूप देने के उद्देश्य से बरखेड़ा विधायक एवं महामंडलेश्वर स्वामी प्रवक्तानंद महाराज लगातार तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने अपने कैंप कार्यालय पर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में जनसभा स्थल की व्यवस्था, ग्रामीण क्षेत्रों से लोगों की सहभागिता, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, स्वयंसेवकों की जिम्मेदारियां तथा संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा की गई। विधायक ने सभी कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्व निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का यह दौरा पीलीभीत के विकास को नई दिशा देगा और क्षेत्र के लिए अनेक नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों को जनसभा में शामिल होने के लिए प्रेरित करने का भी आह्वान किया ताकि मुख्यमंत्री का स्वागत अभूतपूर्व जनसमर्थन के साथ किया जा सके।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है। कार्यक्रम स्थल पर विशाल पंडाल, मंच, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, पार्किंग, विद्युत आपूर्ति और सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया गया है। लगभग 15 हजार लोगों की उपस्थिति को देखते हुए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। रविवार को अवकाश होने के बावजूद प्रशासनिक अधिकारी तैयारियों में जुटे रहे। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह दौरा केवल विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह उन हजारों परिवारों के जीवन में स्थायित्व, सम्मान और सुरक्षा का नया अध्याय भी लिखेगा, जो वर्षों से अपने अधिकारों की प्रतीक्षा कर रहे थे। एक ओर करोड़ों रुपये की विकास योजनाएं जिले की तस्वीर बदलेंगी, वहीं दूसरी ओर भूमि का मालिकाना हक और भारतीय नागरिकता मिलने से हजारों परिवारों के जीवन में नई उम्मीद और आत्मविश्वास का संचार होगा। यही कारण है कि पूरे जनपद की निगाहें सोमवार को होने वाले इस ऐतिहासिक कार्यक्रम पर टिकी हुई हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |