अमेठीः विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की जनपद स्तरीय बैठक सम्पन्न
June 30, 2026
अमेठी। आज से प्रारंभ हो रहे विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 11 से 31 जुलाई तक संचालित होने वाले दस्तक अभियान के प्रभावी एवं सफल क्रियान्वयन के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अन्तर्विभागीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू द्वारा की गई। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि नगर पालिका परिषदध्नगर पंचायत द्वारा शहरी क्षेत्रों में नालियों की नियमित एवं प्रभावी सफाई, लार्वानाशी का नियमित छिड़काव, कूड़े का वैज्ञानिक निस्तारण तथा फॉगिंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही कृषि विभाग द्वारा जलभराव की स्थिति का त्वरित एवं प्रभावी समाधान किया जाए। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग को निर्देशित किया गया कि खुले में शौच से मुक्ति, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता, हैंडपम्प एवं उनके प्लेटफार्म की मरम्मत, पर्यावरणीय स्वच्छता, नालियों की सफाई एवं लार्वानाशी छिड़काव के कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग को निर्देशित किया गया कि दस्तक कार्यक्रम के अंतर्गत आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से घर-घर भ्रमण कर मच्छर जनित रोगों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाई जाए। साथ ही मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट करने, महिलाओं एवं बच्चों को मच्छरदानी के उपयोग तथा पूरी बांह के कपड़े पहनने के लिए प्रेरित किया जाए। इसके अतिरिक्त बुखार के मरीजों की पहचान कर उनकी लाइन लिस्टिंग तैयार करने एवं उन्हें निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर इलाज के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए। क्षय रोग के संभावित रोगियों की पहचान कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि आशा कार्यकर्ता गृह भ्रमण के दौरान 70 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के सभी व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड बनवाना सुनिश्चित करें तथा दिव्यांग व्यक्तियों की सूची तैयार कर संबंधित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रस्तुत करें।
