बीसलपुर। पुरानी रंजिश को लेकर हुए मारपीट के मामले में कार्रवाई न होने से परेशान एक ग्रामीण ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। अदालत के आदेश के बाद पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।दियोरिया कोतवाली क्षेत्र के गांव दियोहना निवासी विनोद कुमार पुत्र लालाराम ने न्यायालय में दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसके भाई बृजेश कुमार की गांव की मालती देवी से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। उस समय ग्रामीणों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत करा दिया था, लेकिन इसके बाद दोनों पक्षों के बीच रंजिश बढ़ गई।आरोप है कि 30 मई को मालती देवी, उनकी पुत्री दिव्या तथा पुत्र प्रियांशु लाठी-डंडे लेकर उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर तीनों ने मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर जब परिजन बचाने पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई। बाद में ग्रामीणों के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ।
पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद उसने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। वहीं विपक्षी पक्ष की शिकायत पर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। पुलिस अधीक्षक को भी शिकायत भेजी गई, लेकिन वहां से भी राहत नहीं मिली।न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिए जाने के बाद अदालत ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए। इसके बाद पुलिस ने मालती देवी, दिव्या और प्रियांशु के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पूरे मामले की विवेचना की जा रही है।
.jpg)