शुकुलबाजारः न्याय की उम्मीद मे धरने पर बैठी पीड़िता! मारपीट व छेड़छाड़ का लगाया गंभीर आरोप, कहा- नही हो रही कार्रवाई
June 28, 2026
शुकुलबाजार/अमेठी। थाना क्षेत्र की एक महिला रविवार को न्याय की मांग को लेकर अंबेडकर प्रतिमा के पास धरने पर बैठ गई। पीड़िता का आरोप है कि कुछ लोगों ने उसके घर में घुसकर उसके साथ छेड़छाड़ की, मारपीट की तथा उसके कपड़े फाड़ दिए, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। महिला का कहना है कि घटना में उसके चेहरे और आंख पर भी चोट लगी, लेकिन शिकायत के बावजूद पुलिस ने समय पर उचित कार्रवाई नहीं की। धरने पर बैठी महिला द्वारा वितरित लिखित पर्चे के अनुसार घटना 27 जून 2026 की है। आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस ने 28 जून को दोपहर तक उसकी तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत नहीं किया । पीड़िता का कहना है कि आरोपी पक्ष के प्रभावी होने के कारण पुलिस कार्रवाई से बच रही है। महिला ने चेतावनी दी है कि जब तक दोषियों के विरुद्ध निष्पक्ष कार्रवाई नहीं होगी, तब तक उसका धरना जारी रहेगा। उसने पुलिस प्रशासन एवं उच्चाधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने तथा उसे न्याय दिलाने की मांग की है। वहीं, इस संबंध में थानाध्यक्ष विवेक वर्मा का पक्ष जानने के लिए उनके सीयूजी नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, किन्तु फोन रिसीव नहीं हुआ।
