लम्भुआ/सुलतानपुर। डॉ. भीमराव अंबेडकर बौद्धिक एवं सामाजिक ट्रस्ट, रामपुर कुर्मियान, लम्भुआ से जुड़ी एक अत्यंत दुखद खबर सामने आई है। ट्रस्ट के पूज्य भंते श्रमण रतन का रविवार, 28 जून 2026 को हृदय गति रुकने के कारण आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
भंते श्रमण रतन सामाजिक समरसता, बौद्ध धम्म के प्रचार-प्रसार तथा मानव सेवा के कार्यों के लिए जाने जाते थे। उनके निधन पर ट्रस्ट के पदाधिकारियों, अनुयायियों और क्षेत्रवासियों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे समाज की अपूरणीय क्षति बताया।
ट्रस्ट की ओर से जारी सूचना के अनुसार, पूज्य भंते जी का अंतिम सम्मान संस्कार सोमवार, 29 जून 2026 को प्रातः 9 बजे रामपुर कुर्मियान, लम्भुआ में पूर्ण श्रद्धा एवं सम्मान के साथ संपन्न किया जाएगा।
शोक संदेश में तथागत गौतम बुद्ध से प्रार्थना की गई है कि वे दिवंगत भंते श्रमण रतन को शांति प्रदान करें तथा उनके परिजनों, अनुयायियों, ट्रस्ट के समस्त पदाधिकारियों और क्षेत्रवासियों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें। उनके निधन से समाज ने एक समर्पित धर्माचार्य और समाजसेवी व्यक्तित्व को खो दिया है।
