बॉयफ्रेंड से मिलने पहुंची युवती का सड़क पर जोरदार हंगामा, पुलिस के सामने शख्स को जड़ा थप्पड़
June 21, 2026
यूपी में मेरठ के सरधना थाना क्षेत्र में एक युवती ने सड़क पर हंगामा खड़ा कर दिया। यह युवती लिसाड़ी गेट क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है और वह अपने दो दोस्तों से मिलने के लिए सरधना पहुंची थी। इस दौरान, पुलिस ने युवकों से पूछताछ की तो युवती आगबबूला हो गई और उसने सड़क पर पुलिस से नोकझोंक कर डाली। युवती का हाई-वोल्टेज ड्रामा क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। युवती के हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, युवती अपने बॉयफ्रेंड से मिलने मेरठ पहुंची थी, लेकिन कुछ ही देर बाद मामला सड़क पर हंगामे तक पहुंच गया। युवती और उसका बॉयफ्रेंड साथ में थे। इसी दौरान, युवती ने कथित तौर पर सड़क पर शोर-शराबा और हंगामा शुरू कर दिया, जिससे राहगीरों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों से पूछताछ करने लगी। लेकिन युवती फिर भी नहीं रुकी और हंगामा करती रही। सिपाही उसे समझाता रहा लेकिन वह शांत नहीं हुई।
चश्मदीदों के मुताबिक, युवती ने अपना आपा खो दिया। वीडियो में दिख रहा है कि युवती ने एक व्यक्ति को थप्पड़ भी जड़ दिया। पुलिसकर्मियों से भी अभद्रता की। इतना ही नहीं, युवती पर एक पुलिसकर्मी की वर्दी खींचने का भी आरोप है। पुलिस ने तीनों का एल्कोहल टेस्ट भी करवाया है। बाद में, युवती के आक्रामक व्यवहार को नियंत्रित करने के लिए महिला पुलिसकर्मियों बुलाना पड़ा है।
काफी देर तक चले इस हंगामे के बाद पुलिस ने युवती और उसके बॉयफ्रेंड को हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि दोनों के खिलाफ शांति व्यवस्था भंग करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। घटना का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
