आज पूरा विश्व योग दिवस मना रहा है। यूएन के अधिकारियों से लेकर पीएम मोदी तक योग करते हुए दिखे। इसी कड़ी में बिहार की राजधानी पटना में योग का कार्यक्रम आयोजित किया गया। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर केंद्रीय मंत्री लल्लन सिंह, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने योग किया।
इस साल के योग दिवस की थीम 'स्वस्थ उम्र बढ़ने के लिए योग' (Yoga For Healthy Ageing) है। बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार सीएम सम्राट चौधरी के बगल में खड़े करते हुए योग करते हुए दिखे। इस दौरान बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने सीएम सम्राट चौधरी से खास अपील की।
मीडिया से बात करते हुए निशांत कुमार ने कहा, 'मैं देशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। मैंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि बिहार के सभी स्कूलों और कॉलेजों के पाठ्यक्रम में योग को शामिल किया जाए। इसमें आधे घंटे का योग सत्र होना चाहिए, जिसमें योग, ध्यान और योग निद्रा शामिल हों। हालांकि, यह कोई औपचारिक या अनिवार्य गतिविधि नहीं होनी चाहिए। हम इसे एक वैकल्पिक विषय के तौर पर रखेंगे। छात्र चाहें तो इसमें भाग ले सकते हैं या नहीं।
इसके साथ ही निशांत कुमार ने कहा, 'प्रधानमंत्री का बहुत-बहुत धन्यवाद क्योंकि उनकी कोशिशों की वजह से ही संयुक्त राष्ट्र ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता दी। योग अब पूरी दुनिया में लोकप्रिय हो रहा है और इसके कई महत्वपूर्ण आध्यात्मिक लाभ हैं।'
राज्य के अन्य शहरों में भी 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर समारोह आयोजित किए गए, जिनमें जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रविवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर प्रदेश के जबलपुर में आयोजित मुख्य समारोह का नेतृत्व किया और योग किया। जबलपुर के गैरीसन मैदान में आयोजित इस समारोह में राष्ट्रपति के साथ राज्यपाल मंगू भाई पटेल और मुख्यमंत्री मोहन यादव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक शामिल हुए।
जबलपुर में सफेद परिधान (सलवार-कमीज) में राष्ट्रपति मुर्मू नीले रंग की एक चटाई पर अलग-अलग योग मुद्राएं करती नजर आईं। उनके बाईं ओर मौजूद मुख्यमंत्री यादव और दाईं ओर मौजूद राज्यपाल पटेल ने भी इस दौरान योगाभ्यास किए
