पीलीभीत। शहर के कोतवाली क्षेत्र स्थित मोहल्ला अशरफ खां में शनिवार को हुई एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया। घर में सात माह की मासूम बच्ची के साथ अकेली मौजूद 32 वर्षीय निशा की उसके ही पति के सगे भतीजे शोएब उर्फ मोनिश ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी। रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और मोहल्ले में मातम का माहौल छा गया।घटना के समय निशा का पति घर पर नहीं था। इसी का फायदा उठाकर आरोपी घर में घुस गया और निशा पर लगातार चाकू से वार करता रहा। बताया जा रहा है कि निशा ने अपनी जान बचाने के लिए भरसक संघर्ष किया। घर की चारपाई से लेकर आंगन तक फैला खून इस बात की गवाही दे रहा था कि महिला आखिरी सांस तक जिंदगी की जंग लड़ती रही। लेकिन हैवान बने आरोपी के लगातार वारों के आगे वह हार गई और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि पूरी वारदात के दौरान सात माह की मासूम बेटी अपनी मां के पास मौजूद थी। मासूम की चीख-पुकार और खून से लथपथ दृश्य ने मौके पर पहुंचे लोगों की आंखें नम कर दीं। जिसने भी यह दृश्य देखा, उसकी रूह कांप उठी।घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी अजय यादव, कोतवाली पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस ने आरोपी शोएब उर्फ मोनिश को गिरफ्तार कर लिया तथा हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया।पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी कथित रूप से निशा को एकतरफा चाहता था और उसकी मंशा पूरी न होने पर उसने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। हालांकि मृतका के परिजन इस वजह को स्वीकार नहीं कर रहे हैं। उनका कहना है कि हत्या के पीछे कोई और कारण हो सकता है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
जानकारी के अनुसार आरोपी दिल्ली में रहकर काम करता था और मुहर्रम के अवसर पर शुक्रवार सुबह ही पीलीभीत आया था। परिजनों ने बताया कि घटना से पहले वह काफी देर तक घर के बाहर गली में टहलता रहा। किसी को भी अंदाजा नहीं था कि वह इतनी खौफनाक साजिश रच चुका है। मौका मिलते ही वह घर में घुसा, निशा पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार किए और फरार हो गया।
मृतका के पति सलीम की तहरीर पर थाना कोतवाली नगर में आरोपी शोएब उर्फ मोनिश के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।यह वारदात कई गंभीर सवाल खड़े कर रही है। आखिर यदि आरोपी के मन में ऐसी सनक पल रही थी तो परिवार को इसकी भनक क्यों नहीं लगी? क्या हत्या के पीछे सिर्फ एकतरफा प्रेम था या फिर कोई पुरानी रंजिश भी छिपी है? पुलिस इन सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।
पीलीभीत में रिश्तों के खून से सनी इस वारदात ने पूरे समाज को झकझोर दिया है। सात माह की मासूम अपनी मां का साया हमेशा के लिए खो चुकी है, जबकि एक परिवार पलभर में बिखर गया। अब हर किसी की नजर पुलिस जांच पर टिकी है कि इस सनसनीखेज हत्याकांड की पूरी सच्चाई आखिर कब सामने आएगी।
