लखनऊः महिगवां में किराये के कमरे से युवक का शव बरामद, मौत के कारणों की जांच जारी
June 30, 2026
लखनऊ। लखनऊ कमिश्नरेट उत्तरी जोन के महिगवां थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में मंगलवार को एक युवक का शव किराये के कमरे में फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, सीतापुर जनपद के अटरिया थाना क्षेत्र के लम्बापुरवा (मजरा सरौरा) निवासी मथुरा रावत ने महिगवां थाने में सूचना दी कि उनके लगभग 30 वर्षीय पुत्र बब्लू रावत पहाड़पुर गांव में अमर सिंह यादव के मकान में किराये पर रहकर मजदूरी करते थे। मंगलवार को उनका शव कमरे के अंदर फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही महिगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पाया कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाया गया और परिजनों की मौजूदगी में दरवाजा खोलकर शव को नीचे उतारा गया। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए। इसके बाद पुलिस ने पंचायतनामा भरने की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए केजीएमयू मर्चरी, लखनऊ भेज दिया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, हालांकि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। महिगवां थाना पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। यदि जांच के दौरान कोई नया तथ्य सामने आता है तो उसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य संकलित कर जांच शुरू कर दी है।
.jpg)