मां की गोद से सड़क पर गिरा 4 महीने का बच्चा! माता-पिता को नहीं चला पता
June 27, 2026
चंद्रपुर जिले के भिसी पुलिस थाना क्षेत्र में मानवता को झकझोर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। महज चार महीने का एक मासूम, जिसे मां की गोद में सुरक्षित होना चाहिए था, माता-पिता की शराब के नशे और लापरवाही के कारण चलते दोपहिया वाहन से सड़क पर गिर गया। हैरानी की बात यह रही कि नशे में धुत दंपति को करीब 700 मीटर तक इस बात का एहसास ही नहीं हुआ कि उनका बच्चा पीछे सड़क पर गिर चुका है। राहगीरों की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मासूम की जान बच गयी अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
यह घटना भिसी बायपास मार्ग स्थित माउली ढाबा के समीप हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, फूलचंद राउत और मीरा राउत अपने चार महीने के बेटे और ढाई वर्षीय बेटी के साथ दोपहिया वाहन से जा रहे थे। बताया जा रहा है कि दोनों शराब के नशे में थे। इसी दौरान मां की गोद में बैठा चार महीने का शिशु अचानक सड़क पर गिर गया लेकिन नशे की हालत में होने के कारण दंपति को इसकी भनक तक नहीं लगी और वे वाहन चलाते हुए आगे बढ़ते रहे। करीब 700 मीटर आगे जाने के बाद उनकी बाइक भी अनियंत्रित होकर फिसल गई। इससे पति-पत्नी और उनके साथ मौजूद ढाई वर्षीय बच्ची भी सड़क पर गिर पड़े। इसके बावजूद उन्हें यह एहसास नहीं हुआ कि उनका चार महीने का मासूम पीछे सड़क पर छूट चुका है।
इसी बीच राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजर रहे कुछ राहगीरों की नजर सड़क पर पड़े मासूम पर पड़ी। उन्होंने बिना देर किए भिसी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मंगेश भोंगडे, पुलिस उपनिरीक्षक रविंद्र वाघ और उनकी टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने सबसे पहले मासूम को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया। जहां समय पर उपचार मिलने से उसकी जान बच गई। चिकित्सकों के अनुसार बच्चे को केवल मामूली चोटें आई हैं।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, सड़क की खराब स्थिति और माता-पिता के अत्यधिक नशे में होने के कारण उन्हें यह तक पता नहीं चल सका कि मां की गोद से चार महीने का मासूम कब सड़क पर गिर गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और राहगीरों की सजगता के चलते एक बड़ी दुर्घटना टल गई। यह घटना एक बार फिर यह संदेश देती है कि शराब पीकर वाहन चलाना केवल कानून का उल्लंघन नहीं, बल्कि स्वयं के साथ-साथ मासूम बच्चों और अन्य लोगों की जान को भी गंभीर खतरे में डालने वाली घोर लापरवाही है।
