मानसून की रफ्तार में ब्रेक पर आज से शुरू हो रहा नया पश्चिमी विक्षोभ, 3 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
June 18, 2026
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार मानसून की रफ्तार में ब्रेक लग गया है। अब उम्मीद जताई जा रही है कि आगामी 23 जून को दक्षिण पश्चिम मानसून तेलंगाना, उड़ीसा, झारखंड, बिहार, छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों में आगे बढ़ सकता है। हालांकि, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और बिहार में मानसून दस्तक दे चुका है। इन राज्यों में भारी वर्षा होने की संभावना है। वहीं, मध्य प्रदेश, विदर्भ, तेलंगाना में 21 जून तक हीटवेव की संभावना है। मानूसन के आगमन के साथ धीरे-धीरे छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मध्य प्रदेश से हीटवेव का असर खत्म होगा।
पश्चिम बंगाल, असम, अरुणाचल प्रदेश, केरल में पिछले 24 घंटे में भारी वर्षा दर्ज की गई है। वहीं, बंगाल, पूर्व राजस्थान, पश्चिम मध्य प्रदेश, उड़ीसा, मिजोरम में तूफान और वज्रपात देखा गया है। पूर्व उत्तर प्रदेश, पश्चिम राजस्थान, ओडिशा, मध्य प्रदेश, पश्चिम उत्तर प्रदेश, हरियाणा, विदर्भ, झारखंड, छत्तीसगढ़, पंजाब, अंडमान निकोबार आइलैंड में भी बिजली गिरने की घटनाएं हुई हैं।
पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, केरल में बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। वहीं, बिहार, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तमिलनाडु में भारी बारिश के आसार हैं। हिमाचल प्रदेश में ओला वृष्टि होने की संभावना है। पश्चिम राजस्थान में आंधी चलने के आसार हैं। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, उड़ीसा, मध्य महाराष्ट्र और तेलंगाना में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। गोवा, आंध्र प्रदेश, बंगाल में उमस भरी गर्मी बनी रह सकती है।
पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय में आने वाले दिनों में भी बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, बिहार, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तमिलनाडु, केरल में भारी वर्षा होने की संभावना है। जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश में ओला वृष्टि की आशंका बनी हुई है। देश के मध्य भाग में हीटवेव का असर मानसून आने तक जारी रह सकता है। वहीं, राजस्थान में तेज हवा-आंधी चलती रहेगी।
पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान के कई हिस्सों में बारिश और आंधी का दौर आगामी दिनों में जारी रहने का अनुमान है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार राज्य के बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और जोधपुर संभाग के कुछ भागों में बारिश की गतिविधियां आगामी दो-तीन दिन जारी रहने की संभावना है। इस दौरान 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है। वहीं, गुरुवार से उत्तर पश्चिम भारत में एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है।
