मेरठ से खुशी-खुशी नैनीताल घूमने आया परिवार, टेंपो ट्रैवलर खाई में गिरी, 2 महिलाओं की मौत
June 18, 2026
उत्तराखंड के नैनीताल में यात्रियों से भरी एक टेंपो ट्रैवलर के खाई में गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस भीषण हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई जबकि 25 अन्य घायल हुए हैं। हादसा बुधवार रात को को नैनीताल के कालाढुंगी रोड पर हुआ। तेज रफ्तार टेंपो ट्रैलवर अचानक अनियंत्रित हुई और सीधे सड़क किनारे खाई में गिर गई।
मेरठ के ताला फैक्ट्री क्षेत्र के एक परिवार की यह नैनीताल यात्रा दर्दनाक हादसे में बदल गई। जानकारी के मुताबिक यहां रहने वाले अनीस अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ 3-4 दिन पहले नैनीताल घूमने गए थे। बुधवार को सभी लोग मेरठ वापस लौट रहे थे, इसी दौरान पहाड़ी रास्ते में एक मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और टेंपो ट्रैवलर खाई में जा गिरी।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। स्थानीय लोगों के साथ-साथ जिला प्रशासन की टीम रेस्क्यू में जुटी। घायलों को पास के अस्पताल में पहुंचाया गया जहां दो महिलाओं की मौत हो गई जबकि 25 घायलों का इलाज चल रहा है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए नैनीताल DM और SSP एक्शन में आए। उन्होंने मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया। अस्पताल में डॉक्टरों की विशेष टीम को अलर्ट किया गया है।
जानकारों की माने तो कई लोगों की हालत ज्यादा गंभीर है इसलिए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
