बीसलपुर। पकड़िया नहर पुलिया के पास हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल बाइक सवार के मामले में पुलिस ने लगभग बीस दिन बाद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायल युवक का उपचार अभी भी लखनऊ के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव कटैया निवासी प्रीती देवी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनके पति प्रेमशंकर पांच जून को गढ़ा जंगल क्षेत्र में आयोजित एक दावत से लौट रहे थे। वह बाइक से अपने घर जा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान माधवापुर की ओर से दियोरिया की तरफ जा रहे एक चार पहिया वाहन के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि प्रेमशंकर गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें दियोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालत लगातार बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है।पीड़िता ने वाहन संख्या के आधार पर चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
.jpg)