Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

प्रतापगढः कम नामांकन व बालवाटिका संचालन में लापरवाही पर होगी कार्रवाई, डीएम ने दिए निर्देश! 15 जुलाई तक सभी परिषदीय विद्यालयों का शत-प्रतिशत विद्युतीकरण करायें - डीएम


प्रतापगढ़। जिले में जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय की अध्यक्षता में कैम्प कार्यालय सभागार में मंगलवार को जिला शिक्षा अनुश्रवण समिति, मध्यान्ह भोजन योजना तथा जिला एवं ब्लॉक स्तरीय टास्क फोर्स सदस्यों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यक्रमों, विद्यालयों की अवस्थापना सुविधाओं तथा शिक्षा की गुणवत्ता की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने परिषदीय विद्यालयों में विद्युत संयोजन की प्रगति की समीक्षा करते हुए विद्युत विभाग को निर्देश दिया कि 15 जुलाई 2026 तक शेष सभी विद्यालयों में शत-प्रतिशत विद्युतीकरण का कार्य पूर्ण कराया जाए। इसके साथ ही विद्यालय परिसरों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइनों के शिफ्टिंग कार्य को भी समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। डीबीटी पोर्टल पर पंजीकृत विद्यार्थियों के अवशेष डाटा सत्यापन का कार्य आगामी सप्ताह तक पूरा करने के लिए खण्ड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया। विद्यालय पेयरिंग व्यवस्था की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि पेयरिंग वाले विद्यालयों में बालवाटिका संचालित हो रही है या नहीं। जहां बालवाटिका संचालित नहीं पाई जाए, वहां संबंधित खण्ड शिक्षा अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए।

उन्होंने परिषदीय विद्यालयों के 50 से कम नामांकन वाले विद्यालयों का चिन्हांकन कर सम्बन्धित खण्ड शिक्षा अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस निर्गत करने के निर्देश दिये। साथ ही प्रत्येक विकास खंड में एक मॉडल विद्यालय चयनित करने को कहा, जहां सभी आवश्यक अवस्थापना सुविधाएं उपलब्ध हों और विद्यालय निपुण मानकों के अनुरूप विकसित किया जा सके। कायाकल्प योजना के अंतर्गत 2364 विद्यालयों की स्थिति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने जर्जर घोषित विद्यालयों, उनके ध्वस्तीकरण तथा मलबा हटाने की कार्यवाही का विवरण तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कस्तूरबा गांधी विद्यालयों का खण्ड शिक्षा अधिकारियों द्वारा प्रत्येक सप्ताह नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राममोहन मीना, अपर जिलाधिकारी (वि.ध्रा.) आदित्य प्रजापति, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी देवव्रत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, खण्ड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक एवं एसआरजी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |