Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया राजस्व अधिकारी


महाराष्ट्र के ठाणे जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो यानी कि ACB ने एक राजस्व अधिकारी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। अधिकारी पर आरोप है कि उसने जमीन के रिकॉर्ड में आवश्यक बदलाव करने के लिए शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग की थी। एसीबी के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि ठाणे इकाई ने शुक्रवार को अंबरनाथ क्षेत्र के द्वारली, आदिवली और धोकली गांवों के राजस्व अधिकारी 56 वर्षीय ईश्वर बद्रीनाथ जाधव को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया।

ठाणे एसीबी के DSP अनिल जयकर के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने अपने पिता के निधन के बाद जमीन के रिकॉर्ड में उत्तराधिकार से संबंधित प्रविष्टियों को सुधारने के लिए राजस्व विभाग से संपर्क किया था। शिकायतकर्ता चाहता था कि पहले की गई उत्तराधिकार संबंधी म्यूटेशन प्रविष्टियों को निरस्त किया जाए और नई प्रविष्टियां दर्ज की जाएं, ताकि उसकी सौतेली बहन का नाम भी कानूनी उत्तराधिकारी के रूप में जमीन के रिकॉर्ड में शामिल किया जा सके। ACB की जांच में सामने आया कि राजस्व अधिकारी ईश्वर जाधव ने इस काम को पूरा करने के लिए 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।

आरोप है कि इसमें से 10 हजार रुपये वह अपने लिए और 10 हजार रुपये सर्कल अधिकारी के लिए मांग रहा था। रिश्वत देने की बजाय शिकायतकर्ता ने ठाणे एसीबी कार्यालय में संपर्क कर पूरी जानकारी दी और औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद एसीबी ने जाल बिछाया और शुक्रवार को आरोपी अधिकारी को 20 हजार रुपये की रिश्वत स्वीकार करते समय रंगे हाथ पकड़ लिया। एसीबी ने आरोपी राजस्व अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |