बलिया। जिले में संचालित प्रीपेड स्मार्ट मीटरों को अब पोस्टपेड प्रणाली में परिवर्तित किया जाएगा। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने शुक्रवार को इस संबंध में निर्देश जारी करते हुए बताया कि सभी प्रीपेड स्मार्ट मीटरों का रूपांतरण मुख्यालय स्तर से बैकएंड प्रक्रिया के माध्यम से स्वतः किया जाएगा। इसके लिए उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की आवश्यकता नहीं होगी।
डीएम ने बताया कि मई 2026 की विद्युत खपत का बिल जून 2026 में पोस्टपेड प्रणाली के अंतर्गत जारी किया जाएगा। साथ ही अब नए विद्युत कनेक्शन भी पोस्टपेड मोड में ही प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस नई व्यवस्था से उपभोक्ताओं को बिल भुगतान में अधिक सुविधा मिलेगी तथा बिलिंग प्रणाली और अधिक पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनेगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रीपेड से पोस्टपेड मोड में परिवर्तन के दौरान उपभोक्ताओं की जमा सुरक्षा धनराशि, जिसे पूर्व में बिलों में समायोजित किया गया था, उसकी वसूली जुलाई से अक्टूबर 2026 तक चार समान मासिक किस्तों में की जाएगी। यह पूरी प्रक्रिया भी मुख्यालय स्तर से स्वतः संपन्न होगी।
