भीषण गर्मी में प्यासी दिल्ली! कांग्रेस ने बीजेपी सरकार को घेरा
May 30, 2026
दिल्ली में भीषण गर्मी के बीच पानी की कमी को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राजधानी के लोग पानी की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं, लेकिन सरकार इस संकट से निपटने में नाकाम साबित हो रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का ‘हीट वेव एक्शन प्लान 2026’ सिर्फ कागजों और प्रचार तक सीमित रह गया है.
देवेंद्र यादव ने कहा कि बीजेपी सरकार ने ‘गर्मी से जंग, दिल्ली सरकार के संग’ अभियान शुरू किया था, लेकिन इसका असर जमीन पर कहीं दिखाई नहीं दे रहा है. उनके मुताबिक, सरकार लोगों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय प्रचार-प्रसार में ज्यादा व्यस्त है.
उन्होंने कहा कि पहले आम आदमी पार्टी ने पानी की समस्या को लेकर मटका प्रदर्शन किए थे और अब बीजेपी भी उसी तरह के प्रतीकात्मक कार्यक्रमों तक सीमित नजर आ रही है.
कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि दिल्ली के कई इलाकों में लोगों को पीने के लिए भी पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है. कई कॉलोनियों में लोग घंटों पानी के टैंकर का इंतजार कर रहे हैं.
कुछ इलाकों में टैंकर आने के बाद भी लोगों को पानी भरने के लिए लंबी लाइनें लगानी पड़ रही हैं. उन्होंने कहा कि राजधानी के नागरिक वर्षों से जल संकट झेल रहे हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान अब तक नहीं निकल पाया है.
देवेंद्र यादव ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मांग की कि वह हरियाणा सरकार से तत्काल बातचीत कर दिल्ली के लिए अतिरिक्त पानी उपलब्ध कराने की पहल करें. उनका कहना है कि बढ़ती गर्मी और पानी की मांग को देखते हुए यह कदम बेहद जरूरी है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ठोस कार्रवाई नहीं की तो दिल्ली कांग्रेस मुख्यमंत्री आवास और सचिवालय का घेराव करेगी.
कांग्रेस नेता ने कहा कि वजीराबाद बैराज में यमुना नदी का जलस्तर लगातार घट रहा है, जिससे दिल्ली में पानी की समस्या और गंभीर हो गई है. उनके अनुसार, हरियाणा की ओर से पर्याप्त मात्रा में कच्चा पानी नहीं छोड़े जाने के कारण वजीराबाद और चंद्रावल जल शोधन संयंत्र प्रभावित हो रहे हैं. इसका असर नई दिल्ली, मध्य दिल्ली और उत्तर दिल्ली के कई इलाकों में पानी की सप्लाई पर पड़ रहा है.
यादव ने बताया कि पश्चिमी दिल्ली, उत्तर-पश्चिम दिल्ली और दक्षिण दिल्ली के कई हिस्सों में पानी बेहद कम दबाव के साथ पहुंच रहा है. कुछ स्थानों पर जल शोधन संयंत्रों के ठीक से काम नहीं करने की वजह से भी समस्या बढ़ गई है.
भीषण गर्मी के बीच कम पानी की सप्लाई ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है. कई परिवारों को रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने में भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है.
देवेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि पिछली आम आदमी पार्टी सरकार के दौरान टैंकर माफिया को बढ़ावा मिला, जिससे पानी की सप्लाई व्यवस्था प्रभावित हुई. उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के कारण दिल्ली जल बोर्ड की स्थिति कमजोर हुई और आम लोगों को मूलभूत सुविधा के लिए संघर्ष करना पड़ा. यादव का दावा है कि सरकार बदलने के बावजूद हालात में कोई बड़ा सुधार देखने को नहीं मिला है.
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि दिल्ली जल बोर्ड को लगभग 9000 करोड़ रुपये का बजट दिया गया, लेकिन इसके बावजूद जल संकट खत्म नहीं हो सका. उन्होंने बताया कि टैंकरों पर निर्भरता कम करने और जल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए 475 करोड़ रुपये का विशेष प्रावधान भी किया गया था. इसके बावजूद आम लोगों को राहत नहीं मिल पाई और पानी की समस्या जस की तस बनी हुई है.
देवेंद्र यादव के अनुसार, दिल्ली की करीब 3 करोड़ आबादी को रोजाना लगभग 1300 एमजीडी पानी की जरूरत है, जबकि वर्तमान में करीब 900 एमजीडी पानी ही उपलब्ध कराया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि जरूरत और उपलब्धता के बीच का यह बड़ा अंतर जल संकट की मुख्य वजह है. उनका दावा है कि बढ़ती आबादी के हिसाब से जल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत नहीं किया गया.
कांग्रेस नेता ने कहा कि दिल्ली की आबादी लगातार बढ़ रही है, लेकिन उसके अनुरूप पानी की व्यवस्था विकसित नहीं की गई. उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कई वर्षों में अलग-अलग सरकारें सत्ता में रहीं, लेकिन किसी ने भी ऐसी ठोस और दीर्घकालिक योजना लागू नहीं की जिससे राजधानी के लोगों को स्थायी राहत मिल सके.
उनका कहना है कि केवल आरोप-प्रत्यारोप से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि जल प्रबंधन और आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए गंभीर कदम उठाने होंगे.

