Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

पानी की टंकी पर फंसे दो बच्चों को सेना के हेलीकॉप्टर से किया गया रेस्क्यू, सीढ़ी टूटने से गिरकर एक की मौत


यूपी के सिद्धार्थनगर जिले में पानी की टंकी पर फंसे दो बच्चों को रेस्क्यू करने के लिए सेना की मदद लेनी पड़ी। दरअसल, पांच बच्चे पानी की टंकी पर चढ़े थे। इसी दौरान सीढ़ी जर्जर होने की वजह से टूट गई। सीढ़ी टूटने की वजह से तीन बच्चे नीचे गिर गए, जिसमें से एक की मौत हो गई, जबकि दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं दो बच्चे पानी की टंकी पर ऊपर ही फंसे रह गए। दोनों बच्चों को सेना के हेलीकॉप्टर की मदद से नीचे उतारा गया।

पुलिस ने बताया कि सिद्धार्थनगर शहर में कांशीराम कॉलोनी में रहने वाले पांच लड़के शनिवार को करीब 30 साल पुरानी और जर्जर हो चुकी पानी की टंकी पर चढ़ गए थे। उन्होंने बताया कि लड़के जब नीचे उतर रहे थे तभी टंकी की सीढ़ी अचानक ढह गई, जिससे उनमें से तीन लड़के नीचे गिर गए, जबकि दो अन्य सीढ़ी टूटने की वजह से ऊपर ही फंसे रह गए। पुलिस ने बताया कि टंकी के ऊपर फंसे दो लड़कों को नीचे उतारने के लिए वैकल्पिक रास्ता बनाने की कोशिश की जा रही थी। हालांकि बारिश के चलते व्यवधान उत्पन्न हो रहा था। इसके बाद गोरखपुर से वायु सेना का हेलीकॉप्टर मंगवाया गया और हेलीकॉप्टर की मदद से दोनों लड़कों को रविवार सुबह सकुशल नीचे उतारा गया।

पुलिस ने बताया कि घायल हालत में पड़े गोलू (12), सनी (14) और सिद्धार्थ (10) को मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां सिद्धार्थ को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया जबकि गोलू और सनी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें गोरखपुर के बड़े अस्पताल में रेफर कर दिया गया है। वहीं जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी. एन. ने बताया कि टंकी पर फंसे रह गए पवन (14) और शाबान (12) को नीचे उतारने के लिए वैकल्पिक मार्ग बनाने का प्रयास किया जा रहा था, लेकिन अचानक हुई बारिश के कारण कार्य बाधित हो गया। स्थिति को देखते हुए तत्काल सेना के हेलीकॉप्टर की सहायता लेने का निर्णय लिया गया।

जिलाधिकारी ने बताया कि हालात को देखते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय और राहत एवं आपदा विभाग से फोन पर बात करके गोरखपुर से वायु सेना का हेलीकॉप्टर मंगवाया। उन्होंने बताया कि उनके अनुरोध पर हेलीकॉप्टर भेजा गया और उसकी मदद से कड़ी मशक्कत के बाद रविवार सुबह करीब पांच बजकर 20 मिनट पर टंकी पर फंसे दोनों लड़कों को सकुशल नीचे उतार लिया गया। जिलाधिकारी ने बताया कि पूरे अभियान के दौरान वह खुद और पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई एवं सेना के समन्वय से यह चुनौतीपूर्ण बचाव अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |