कन्नौज। मेडिकल कॉलेज कन्नौज में मंडल स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत चार जिलों में संचालित 108 एवं 102 एम्बुलेंस सेवाओं में कार्यरत ईएमटी कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रत्येक जिले से 8 से 10 ईएमटी का बैच बनाकर उन्हें आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की जा रही हैं। लखनऊ से आए ईएमएलसी ट्रेनर विकास बाथम एवं क्वालिटी ट्रेनर धनंजय द्वारा प्रशिक्षण के दौरान मरीजों की देखभाल में बरती जाने वाली सावधानियां, स्ट्रेचर का सही उपयोग तथा मेडिकल उपकरणों के उचित संचालन के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों ने डेमो के माध्यम से ईएमटी कर्मचारियों को विभिन्न तकनीकों का अभ्यास भी कराया। प्रशिक्षण में विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया गया कि मरीजों को अस्पताल पहुंचने से पहले बेहतर प्री-हॉस्पिटल केयर उपलब्ध कराई जाए। गंभीर मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार जीवन रक्षक दवाएं देने एवं सुरक्षित रूप से अस्पताल में भर्ती कराने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
इसके अतिरिक्त विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों की देखभाल बड़े हादसों के दौरान गंभीर मरीजों की त्वरित पहचान उनकी गंभीरता के अनुसार प्राथमिकता तय कर शीघ्र अस्पताल पहुंचाने के तरीकों की जानकारी भी दी गई। जिला प्रोग्राम मैनेजर विकास पटेल ने बताया कि जिले में संचालित एम्बुलेंस सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं बेहतर बनाने के उद्देश्य से प्रत्येक छह माह में इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। जिला प्रभारी रूपेश तिवारी ने जानकारी दी कि कन्नौज जिले में वर्तमान समय में 108 सेवा की 24 एम्बुलेंस एवं 102 सेवा की 23 एम्बुलेंस संचालित हैं, जो आमजन को लगातार बेहतर आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करा रही हैं।
