आगरा। अंतर्राष्ट्रीय नृत्य दिवस के उपलक्ष्य में नृत्य ज्योति कथक केंद्र एवं ब्रह्माकुमारीज ईदगाह, प्रभु मिलन केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कला, संस्कृति और संवाद का सुंदर समागम देखने को मिला।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में बच्चों द्वारा कथक की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा। इसके पश्चात वरिष्ठ गायन गुरु डॉ. अमिता त्रिपाठी एवं वरिष्ठ तबला गुरु रविंद्र सिंह को सम्मानित किया गया।
तीसरे सत्र में “बदलते समय में नृत्यरू अभिव्यक्ति, प्रदर्शन व डिजिटल युग” विषय पर कला संवाद आयोजित किया गया। इस पैनल चर्चा में बीके अश्विना बहन (जोनल इंचार्ज, ब्रह्माकुमारीज, आगरा), डॉ. मनु शर्मा (शिक्षाविद एवं कथक नृत्यांगना), डॉ. रश्मि खंडेलवाल (गाइनेकोलॉजिस्ट एवं कथक नृत्यांगना), सुश्री आंचल जैन (भरतनाट्यम नृत्यांगना एवं कंपनी सेक्रेटरी), अजीत सिंह (नृत्य कोरियोग्राफर), डॉ. महेश धाकड़ (वरिष्ठ पत्रकार एवं कला समीक्षक), श्रुति सिन्हा (सदस्य, संयुक्त हिंदी सलाहकार समिति, मत्स्य, पशुपालन व डेयरी मंत्रालय, भारत सरकार) एवं बीके अमर भाई ने अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार एवं पर्यावरणविद बृज खंडेलवाल ने की।
कार्यक्रम का संयोजन एवं सूत्रधार की भूमिका डॉ. ज्योति खंडेलवाल ने निभाई, जबकि संचालन श्रुति सिन्हा द्वारा किया गया। मीडिया समन्वयक के रूप में चतुर्भुज तिवारी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर नगर में सांस्कृतिक गतिविधियों को निरंतर प्रोत्साहित करने हेतु डॉ. ज्योति खंडेलवाल एवं श्री विशाल झा के प्रयासों की सराहना की गई। साथ ही ब्रह्माकुमारीज सेंटर, ईदगाह के सभी भाई-बहनों का विशेष आभार व्यक्त किया गया, जिनके सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
