अमेठीः क्षय रोग उन्मूलन को लेकर बड़ा अभियान ! मजदूर दिवस पर श्रमिकों की हुई स्वास्थ्य जांच
May 01, 2026
अमेठी। जनपद में क्षय रोग (टीबी) उन्मूलन को लेकर शुक्रवार को विशेष अभियान चलाया गया। अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर अमेठी स्थित राजेश मसाला फैक्ट्री परिसर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा कार्यक्रम आयोजित कर श्रमिकों की स्वास्थ्य जांच की गई। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश कुमार अग्रहरि मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह और सीएचसी अमेठी के अधीक्षक डॉ. सौरभ सिंह सहित कई डॉक्टर, स्वास्थ्यकर्मी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस दौरान फैक्ट्री परिसर में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया, जहां मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से श्रमिकों का मौके पर ही चेकअप किया गया। जरूरतमंदों को दवाइयां वितरित की गईं और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि टीबी उन्मूलन के लिए सरकार और समाज को मिलकर काम करना होगा। वहीं सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि जिले में टीबी मुक्त अभियान को तेज किया गया है और लोगों को हर स्तर पर जांच व इलाज की सुविधा दी जा रही है। उन्होंने अपील की कि टीबी के लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराएं और इलाज में लापरवाही न बरतें। कार्यक्रम के अंत में श्रमिकों और उपस्थित लोगों को स्वास्थ्य जागरूकता सामग्री वितरित की गई। यह पहल जिले में टीबी उन्मूलन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
