अमेठीः जगद्गुरु शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद महाराज का हुआ भव्य स्वागत
May 21, 2026
अमेठी। जगद्गुरु शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज के अमेठी आगमन पर श्रद्धा, उत्साह और भक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिला। उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु, अधिवक्ता, समाजसेवी और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।शंकराचार्य महाराज का काफिला ददन सदन तिराहा होते हुए दुर्गापुर रोड स्थित पानी टंकी के पास पहुंचा, जहां श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा और जयघोष के साथ उनका स्वागत किया। “हर हर महादेव” और “जय शंकराचार्य” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।समाजवादी पार्टी के जिला प्रवक्ता अधिवक्ता राजेश मिश्रा अपने अधिवक्ता साथियों के साथ शंकराचार्य महाराज की अगवानी के लिए पहुंचे। उन्होंने पुष्पमाला पहनाकर महाराज श्री का स्वागत किया तथा चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर समाजवादी महिला सभा की जिला अध्यक्ष गुंजन सिंह एवं समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष राम उदित यादव भी मौजूद रहे।नेताओं ने शंकराचार्य जी के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि उनका अमेठी आगमन जनपद के लिए सौभाग्य का विषय है। अधिवक्ता राजेश मिश्रा ने कहा कि शंकराचार्य परंपरा सदैव धर्म, संस्कृति और समाज को दिशा देने का कार्य करती रही है तथा उनके विचार समाज को नई ऊर्जा प्रदान करते हैं।अपने आशीर्वचन में जगद्गुरु शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज ने कहा कि सनातन धर्म भारत की आत्मा है। उन्होंने युवाओं से संस्कृति, शिक्षा और न्याय व्यवस्था को मजबूत करने में योगदान देने का आह्वान किया। अधिवक्ताओं की उपस्थिति पर प्रसन्नता जताते हुए उन्होंने कहा कि धर्म और न्याय एक-दूसरे के पूरक हैं तथा न्याय जब धर्म के मार्ग पर चलता है तभी समाज में वास्तविक शांति स्थापित होती है। कार्यक्रम में धीरेन्द्र शुक्ला, शिवनाथ सिंह, जय मिश्रा, कैलाश मिश्र प्रधान प्रतिनिधि सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम धार्मिक सौहार्द, सामाजिक एकता और भारतीय संस्कृति की परंपराओं का प्रतीक बना। अंत में प्रसाद वितरण एवं शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

