लखनऊ। लखनऊ कमिश्नरेट उत्तरी जोन के सैरपुर थाना क्षेत्र में जमीन हड़पने की कथित साजिश के तहत दिव्यांग बुजुर्ग को अगवा कर जबरन रजिस्ट्री कराने के प्रयास का मामला सामने आया है। गांव के ही दबंग युवक और उसके साथियों पर फॉर्चूनर कार में जबरन बैठाकर ले जाने, जमीन अपने नाम कराने का दबाव बनाने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। ग्रामीणों की सतर्कता से बुजुर्ग को आरोपियों के कब्जे से छुड़ाया जा सका। वहीं पीड़ित 60 वर्षीय राम सेवक के मुताबिक शनिवार दोपहर वह घर में आराम कर रहे थे। इसी दौरान गांव के अमरेंद्र यादव उर्फ पप्पू बाबा अपने दो साथियों के साथ पहुंचे और जबरन उन्हें फॉर्चूनर में बैठाकर ले गए। आरोप है कि कार में आरोपी लगातार जमीन की रजिस्ट्री अपने नाम कराने का दबाव बनाते रहे। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। वही राम सेवक पुत्र स्व बिरजू निवासी ग्राम उमर भारी थाना सैरपुर ने बताया कि उन्होंने मोबाइल से परिजनों को सूचना देने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने मोबाइल छीन लिया। रैथा रोड स्थित धनीराम मार्केट के पास पहुंचने पर उन्होंने कार के अंदर से जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर आसपास के लोग और ग्रामीण सक्रिय हो गए। ग्रामीणों ने कार का पीछा कर उसे रुकवाया और बुजुर्ग को सुरक्षित बाहर निकाला। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने बुजुर्ग की मदद कर रहे मुलायम यादव समेत अन्य लोगों से भी मारपीट की। भीड़ बढ़ती देख आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत और नाराजगी का माहौल है।
पीड़ित ने सैरपुर थाने में लिखित शिकायत दी है। उनका आरोप है कि गंभीर मामला होने के बावजूद अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

