लखनऊ: बाइक टकराने पर विवाद, युवक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा! सही से गाड़ी चलाने की नसीहत पर भड़के युवक, जातिसूचक टिप्पणी का भी आरोप
May 24, 2026
लखनऊ। लखनऊ कमिश्नरेट उत्तरी जोन के इटौंजा थाना क्षेत्र के अर्जुनपुर हाईवे रोड पर बाइक टकराने के बाद मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि बाइक सवार युवकों ने एक युवक को जातिसूचक गालियां देते हुए बुरी तरह पीट दिया। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। अर्जुनपुर क्षेत्र निवासी राज रावत के मुताबिक वह सड़क पार कर दही लेने जा रहा था। इसी दौरान बख्शी का तालाब की ओर से तेज रफ्तार में आए तीन बाइक सवार युवकों ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह गिर पड़ा। आरोप है कि जब उसने युवकों से सही तरीके से वाहन चलाने की बात कही तो वे आगबबूला हो गए और गाली-गलौज करने लगे। पीड़ित का आरोप है कि युवकों ने जातिसूचक टिप्पणियां करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर-शराबा सुनकर मौके पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने का प्रयास किया। बताया गया कि समझौते की बातचीत चल रही थी, तभी आरोपित युवकों ने अपने कुछ और साथियों को बुला लिया। इसके बाद अर्जुनपुर चैराहे पर फिर विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। मारपीट के दौरान पीड़ित का मोबाइल फोन टूट गया, जबकि उसकी सोने की चेन भी गिर गई। वहीं, मौके पर मौजूद दुकानदारों और ग्रामीणों ने किसी तरह मामला शांत कराया। घटना के बाद पीड़ित ने इटौंजा थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी और कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

