तिलोई/अमेठी। थाना शिवरतनगंज पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत एक चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से तीन चोरी की मोटरसाइकिलें और एक टुल्लू मोटर बरामद की है।गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अरुण कुमार कश्यप (26) पुत्र राम कुमार निवासी हंसराजपुर, थाना बाबा बाजार, जनपद फैजाबाद के रूप में हुई है।शिवरतनगंज थाना पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अरुण कुमार कश्यप को एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आते हुए पकड़ा। जब उससे मोटरसाइकिल के कागजात मांगे गए, तो वह उन्हें दिखा नहीं सका। तलाशी लेने पर मोटरसाइकिल में रखी एक प्लास्टिक की बोरी से एक टुल्लू मोटर भी बरामद हुई।पूछताछ में अभियुक्त अरुण कुमार कश्यप ने बताया कि मोटरसाइकिल और टुल्लू मोटर दोनों चोरी की हैं। उसने हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल कुछ दिन पहले गंगानगर में एक बारात से चुराई थी, जबकि टुल्लू मोटर ग्राम बसंतपुर में एक स्कूल के पीछे से चोरी की थी। अभियुक्त की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की दो अन्य मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इनमें एक एचएफ डीलक्स और एक बजाज सीटी मोटरसाइकिल शामिल हैं, जिन्हें सेमरौता कठौरा सड़क किनारे झाड़ियों से बरामद किया गया। अभियुक्त ने बताया कि उसने ये मोटरसाइकिलें भी अलग-अलग स्थानों से चुराई थीं।बरामद हीरो स्प्लेंडर प्लस और टुल्लू मोटर के संबंध में शिवरतनगंज थाने में पहले से ही मामला दर्ज है। एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल के संबंध में बाराबंकी के सुबेहा थाने में एक और अभियोग पंजीकृत है। बरामदगी के आधार पर इन मामलों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है। शिवरतनगंज पुलिस द्वारा इस संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।