अमेठीः हत्या के बाद तनाव, गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार से इनकार
May 09, 2026
अमेठी। थाना पीपरपुर क्षेत्र के खानापुर गांव में शुक्रवार दोपहर 29 वर्षीय दीपक मिश्र की गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। शनिवार सुबह करीब 9 बजे पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजनों ने हत्यारों की गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। मृतक के चचेरे भाई प्रदीप मिश्र की तहरीर पर पुलिस ने ग्राम प्रधान प्रतिनिधि श्रीकांत मिश्र और सचिन पांडेय के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। परिजनों का आरोप है कि घटना से जुड़े बालेंद्र शुक्ला को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद छोड़ दिया, जबकि नामजद आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। मृतक की मां सीता देवी समेत अन्य परिजनों ने मांग की है कि बालेंद्र शुक्ला को दोबारा हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की जाए तथा दोनों नामजद आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। इसी मांग को लेकर परिवार और ग्रामीण अंतिम संस्कार टालकर गांव में डटे रहे। घटना को लेकर गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
