Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

प्रतापगढः टावर बैट्री चोरी का खुलासा, तीन शातिर चोर गिरफ्तार! मकूनपुर अंडरपास के पास से चोरी की तीन बैटरियां बरामद, दूसरे प्रदेश भागने की फिराक में थे आरोपी


कोहंडौर/प्रतापगढ़। जिले की कोहंडौर पुलिस ने मोबाइल टावर से बैट्री चोरी करने वाले तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई तीन अदद बैटरियां बरामद करते हुए उन्हें जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी चोरी की बैटरियां बेचकर दूसरे प्रदेश भागने की तैयारी में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार, 18 मई 2026 की रात थाना क्षेत्र के ग्राम वाजिदपुर रामापुर स्थित इंडस टावर साइट पर अज्ञात चोरों ने डीजी कैनोपी का ताला तोड़कर तीन बैटरियां चोरी कर ली थीं। घटना के दौरान टेक्नीशियन द्वारा आवाज देने पर आरोपी बैटरियां लेकर मौके से फरार हो गए थे। मामले में कोहंडौर पुलिस ने केस दर्ज किया गया था।

पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर मकूनपुर अंडरपास के पास घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों में गौरव उर्फ सूरज निवासी टेकार थाना कोतवाली नगर, रघुबीर सरोज निवासी करिश्ता थाना कोहंडौर तथा अजय सरोज निवासी विजरा थाना कोहंडौर शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि पैसों की तंगी के चलते उन्होंने टावर की बैटरियां चोरी करने की योजना बनाई थी। इनमें से एक आरोपी पहले मोबाइल टावर पर काम कर चुका था, इसलिए उसे बैट्री खोलने की पूरी जानकारी थी।

आरोपियों ने बताया कि घटना की रात वे मोटरसाइकिल से टावर पर पहुंचे, तार काटकर अंदर घुसे और बैटरियां निकाल लीं। गार्ड के पहुंचने पर वे मोटरसाइकिल छोड़कर बैटरियां लेकर भाग निकले और उन्हें मकूनपुर अंडरपास के पास छिपा दिया था। बाद में बैटरियां बेचकर फरार होने की योजना बना रहे थे।

बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी भी की गई है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रतीक सिंह, उपनिरीक्षक भूपेश नाथ सिंह, हेड कांस्टेबल राजीव सिंह, कांस्टेबल अनिल यादव, कांस्टेबल मनीष कुमार यादव एवं आरक्षी सरोज अमन आदित्य शामिल रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |