बीसलपुर। सोशल मीडिया पर वायरल हुए मारपीट और फायरिंग के वीडियो के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे, कारतूस और एक डंडा भी बरामद किया है।
मामला थाना क्षेत्र के गांव ढकिया महक का है। गांव निवासी लेखराज ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि लालसिंह, मानसिंह निवासी सिमरा अकबरगंज तथा ओमपाल निवासी ढकिया महक ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि विवाद के दौरान जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायरिंग भी की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया।
पुलिस ने जांच-पड़ताल और पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। इसके बाद पुलिस टीम ने उल्लिका पुलिया के पास से लालसिंह उर्फ छोटू, मानसिंह पुत्रगण राजेंद्र प्रसाद निवासी सिमरा अकबरगंज तथा ओमपाल उर्फ उपदेश पुत्र शिवशंकर निवासी ढकिया महक को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक 315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, एक 12 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक लकड़ी का डंडा बरामद हुआ। पुलिस ने तीनों आरोपियों का चालान कर उन्हें जेल भेज दिया है।

