लंभुआ/सुल्तानपुर। लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के कस्बा लंभुआ में एटीएम बदलकर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। चैपरिया थाना लंभुआ निवासी रिटायर्ड पुलिसकर्मी राम तवंकल यादव उम्र 70 वर्ष से शातिर उचक्कों ने एटीएम बदलकर 1 से 3 मई के बीच 2 लाख 10 हजार रुपए निकाल लिए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित की तहरीर के मुताबिक 1 मई को पीड़ित पुलिसकर्मी लंभुआ एटीएम से पैसा निकालने आए थे एटीएम पर 10 हजार निकालते समय दो शातिर युवकों ने एटीएम स्क्रीन पर टेप लगाकर रिटायर्ड पुलिस कर्मी को झांसे में ले लिया। मदद के बहाने पिन देखकर कार्ड बदल दिया। इसके बाद ठगों ने लंभुआ व प्रतापगढ़ के कन्हईपुर एटीएम से 1.10 लाख नकद निकाले और इंदिरा इंटरप्राइजेज के खाते में 1 लाख ट्रांसफर कर दिए। 2-3 मई को भी 10-10 हजार के ट्रांजैक्शन किए गए।
3 मई को एसएमएस से जानकारी होने पर पीड़ित ने खाता फ्रीज कराया और साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत की। मामले में लंभुआ कोतवाली में केस दर्ज हुआ है। पीड़ित ने बताया कि पेंशन की रकम जाने से वह मानसिक रूप से परेशान हैं।
लंभुआ पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है एवं सीसीटीवी फुटेज और ट्रांसफर खाते की जांच की जा रही है।
