गिरोह गैंग चोरी एवं अवैध खरीद-फरोख्त की श्रृंखला के रूप में कार्यरत था।
सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में थाना राबर्ट्सगंज पुलिस द्वारा हाईवे पर सक्रिय डीजल चोरी करने वाले संगठित गिरोह के विरुद्ध बड़ी कार्यवाही की गयी है। थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त एवं वांछित अभियुक्तों की तलाश में मामूर थी, तभी मुखबिर खास से सूचना प्राप्त हुई कि मु0अ0सं0 321/2026 से सम्बन्धित चोरी गया डीजल व अन्य सामान कुछ व्यक्ति टोल प्लाजा के पास झाड़ियों में छिपाकर उसकी खरीद-फरोख्त कर रहे हैं। सूचना पर तत्काल कार्यवाही करते हुए पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से 15-15 लीटर के 06 प्लास्टिक गैलनों में कुल 90 लीटर चोरी का डीजल, तीन ट्रकों के स्टेपनी टायर तथा 01 अदद ट्रक का टायर बरामद किया गया। इसके अतिरिक्त अभियुक्तों के पास से मोबाइल फोन एवं नगद धनराशि भी बरामद हुई। पूछताछ में अभियुक्तों द्वारा स्वीकार किया गया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर हाईवे किनारे खड़े ट्रकों से सुनसान स्थानों पर डीजल चोरी करते हैं तथा उसे स्थानीय बाजार में बेच देते हैं। साथ ही विभिन्न ट्रकों से स्टेपनी टायर चोरी कर अवैध रूप से बेचने का कार्य भी करते हैं। अभियुक्तों ने यह भी बताया कि चोरी के दौरान पकड़े जाने की आशंका होने पर वे पत्थरों से हमला कर मौके से फरार हो जाते थे, जिससे यह गैंग एक खतरनाक एवं संगठित गिरोह के रूप में कार्य कर रहा था। अभियुक्त रमेश केशरी द्वारा चोरी के माल को कम दाम में खरीदकर बाजार में अधिक दाम पर बेचने की बात स्वीकार की गयी, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि उक्त गिरोह चोरी एवं अवैध खरीद-फरोख्त की श्रृंखला के रूप में कार्यरत था। उक्त बरामदगी एवं गिरफ्तारी के आधार पर अभियुक्तगणों के विरुद्ध मु0अ0सं0 321/2026 धारा 307, 317(2) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत विधिक कार्यवाही करते हुए चालान न्यायालय किया गया है।
