सोनभद्र। प्रशिक्षण केन्द्र पुलिस लाइन चुर्क, सोनभद्र में 485 रिक्रूट आरक्षियों की दीक्षांत परेड समारोह अत्यंत गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। पूरे परेड ग्राउण्ड में अनुशासन, ऊर्जा एवं उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहाँ नवआरक्षियों ने अपने कठिन प्रशिक्षण, समर्पण और उत्कृष्ट कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस उप महानिरीक्षक यातायात अरविन्द कुमार मौर्या रहे, जिनके द्वारा परेड की सलामी ली गई। तत्पश्चात उन्होंने परेड ग्राउण्ड में सुसज्जित 18 टोलियों का निरीक्षण किया तथा प्रशिक्षार्थियों की एकरूपता, शारीरिक दक्षता एवं ड्रिल की उत्कृष्टता की सराहना की। निरीक्षण के दौरान नवआरक्षियों का आत्मविश्वास, संतुलन एवं अनुशासन विशेष रूप से आकर्षण का केन्द्र रहा। इसके उपरान्त समस्त टोलियों द्वारा शानदार एवं समन्वित मार्चपास्ट प्रस्तुत किया गया, जिसमें कदम से कदम मिलाकर चलते हुए सभी टोलियों ने सलामी मंच से गुजरते हुए मुख्य अतिथि महोदय को सलामी दी। मार्चपास्ट की सटीकता, तालमेल एवं अनुशासन ने उपस्थित जनसमूह को अत्यंत प्रभावित किया और पूरे परिसर में गर्व एवं उत्साह का वातावरण निर्मित हुआ। समारोह के दौरान प्रशिक्षण के विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रिक्रूट आरक्षियों को मुख्य अतिथि महोदय द्वारा पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान न केवल विजेताओं के लिए गौरव का विषय रहा, बल्कि अन्य प्रशिक्षार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बना। मुख्य अतिथि ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में नवआरक्षियों को दीक्षांत की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का सर्वोच्च माध्यम है। उन्होंने सभी को ईमानदारी, निष्पक्षता, संवेदनशीलता एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने का संदेश दिया तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करने हेतु प्रेरित किया। साथ ही सभी नवआरक्षियों को कर्तव्यों के प्रति शपथ भी दिलाई गई।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सोनभद्र द्वारा भी अपने संबोधन में सभी नवआरक्षियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस की छवि को और अधिक सुदृढ़ बनाने में नवआरक्षियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी तथा आमजन के प्रति संवेदनशील, जवाबदेह एवं मित्रवत पुलिसिंग ही उनकी पहचान बने।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी चर्चित गौड़, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त क्षेत्राधिकारीगण, प्रशिक्षण केन्द्र के अधिकारीगण एवं अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे। समारोह का समापन अत्यंत गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।
