आगरा। मनीष बंसल (जिलाधिकारी) ने मंगलवार को निर्माणाधीन छत्रपति शिवाजी महाराज म्यूजियम और शिल्पग्राम स्थित यूनिटी मॉल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यों की धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों से जवाब तलब किया तथा समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए।
सबसे पहले डीएम ने म्यूजियम स्थल का निरीक्षण किया। उन्हें बताया गया कि लगभग 76 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और 95 श्रमिक कार्यरत हैं। म्यूजियम का निर्माण तीन मंजिला आरसीसी प्रीकास्ट तकनीक से किया जा रहा है, जिसमें बेसमेंट से लेकर द्वितीय तल तक विभिन्न सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने निर्देश दिया कि 31 दिसंबर 2026 तक कार्य हर हाल में पूरा किया जाए। इसके लिए श्रमिकों की संख्या बढ़ाने और एक सप्ताह के भीतर संशोधित कार्ययोजना (रिवाइज टाइमलाइन) प्रस्तुत करने को कहा गया। साथ ही बेसमेंट और भूतल के कार्य शीघ्र पूरा कर म्यूजियम का जल्द शुभारंभ करने के निर्देश दिए गए।
इसके बाद जिलाधिकारी शिल्पग्राम स्थित यूनिटी मॉल पहुंचे, जहां उन्होंने प्रोजेक्ट की प्रगति की समीक्षा की। करीब 128 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस मॉल में 128 दुकानें, 172 वाहनों की पार्किंग, ई-चार्जिंग स्टेशन और अन्य आधुनिक सुविधाएं प्रस्तावित हैं।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कार्य अपेक्षित गति से नहीं चल रहा है। मौके पर केवल 128 श्रमिक कार्यरत मिले, जबकि समय पर परियोजना पूर्ण करने के लिए लगभग 300 श्रमिकों की आवश्यकता बताई गई। इस पर डीएम ने ठेकेदार को फटकार लगाते हुए 5 मई तक पर्याप्त श्रमिक उपलब्ध कराने और नवंबर 2026 की समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने शिल्पग्राम में बंद पड़ी मल्टी लेवल कार पार्किंग परियोजना का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि इस परियोजना को यूनिटी मॉल की पार्किंग से जोड़ते हुए एक विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर शासन को भेजी जाए, ताकि उपलब्ध संरचना का प्रभावी उपयोग किया जा सके।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह, उपायुक्त उद्योग शैलेन्द्र सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और ठेकेदार मौजूद रहे।
