छिबरामऊ /कन्नौज। कालाबाजारी से किसान खासे परेशान हैं किसानों का आरोप है कि स्थानीय खाद दुकानदार निर्धारित मूल्य से अधिक दरों पर यूरिया बेच रहे हैं जिससे उनकी लागत बढ़ती जा रही है और खेती पर संकट गहराता जा रहा है।
किसान रामविलास ने बताया कि दुकानदार खुलेआम 350 रुपये प्रति बोरी के हिसाब से यूरिया खाद दे रहे हैं जबकि सरकार द्वारा निर्धारित मूल्य इससे कम है। उन्होंने कहा कि मजबूरी मे किसानों को महंगे दाम पर खाद खरीदनी पड़ रही है क्योंकि फसल के लिए समय पर खाद डालना जरूरी है। वहीं किसान विनय ने भी अपनी परेशानी साझा करते हुए बताया कि उन्होंने 350 रुपये देकर यूरिया खरीदी लेकिन जब उन्होंने 10 रुपये कम देने की बात कही तो दुकानदार ने खाद देने से ही मना कर दिया।
किसानों का कहना है कि कसाबा क्षेत्र मे करीब पांच दुकानों पर इसी तरह मनमानी चल रही है। कई बार विरोध करने पर भी दुकानदारों पर कोई असर नहीं पड़ रहा। इससे नाराज किसानों ने जिला कृषि अधिकारी से शिकायत की शिकायत मिलते ही जैसे ही संबंधित अधिकारी कसाबा मे निरीक्षण के लिए पहुंचे तो अधिकांश खाद और बीज भंडार संचालकों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं और मौके से फरार हो गए। इस दौरान आसपास के दुकानदारों मे भी अफरा-तफरी का माहौल देखा गया
किसानों का आरोप है कि प्रशासन की ढिलाई के चलते दुकानदार बेखौफ होकर कालाबाजारी कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही दोषी दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि नियमित निरीक्षण कराकर उचित दर पर खाद की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए ताकि उन्हें इस तरह की परेशानियों का सामना न करना पड़े।
