छुटमलपुर/सहारनपुर। क्षेत्र में निजी स्कूलों की बढ़ती मनमानी और फीस वृद्धि के खिलाफ अब विरोध तेज हो गया है। शनिवार को ज्योति किरण चैक, छुटमलपुर पर भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन शुरू किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि निजी स्कूल हर साल मनमाने तरीके से फीस बढ़ा रहे हैं और किताबों के नाम पर अभिभावकों से खुली लूट की जा रही है। अभिभावकों को मजबूर किया जाता है कि वे स्कूल द्वारा तय की गई दुकानों से ही महंगी किताबें खरीदें। इसे उन्होंने शिक्षा के नाम पर भ्रष्टाचार और शोषण बताया।
धरने के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार और प्रशासन पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि अधिकारियों की निष्क्रियता और सरकार की चुप्पी ने इस समस्या को और गंभीर बना दिया है। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष विनोद पैगावल ने कहा कि निजी स्कूलों में गरीब परिवारों का लगातार शोषण हो रहा है और अभिभावक इस लूट के आगे बेबस हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और बड़ा रूप दिया जाएगा। धरना स्थल पर दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे और किसी बड़े प्रशासनिक अधिकारी के आने का इंतजार करते नजर आए। बताया जा रहा है कि यह प्रदर्शन कल और भी बड़ा रूप ले सकता है।
