लखनऊः प्रीपेड स्मार्ट मीटर ने बिगड़ा लोगों के घरों का बजट, आशियाना में फूटा गुस्सा
April 23, 2026
आलमबाग। आशियाना इलाके के कासिमपुर पकरी गांव की महिलाओं ने जबरन लगाए गए प्रीपेड स्मार्ट मीटर से बिजली दरों में मनमानी बढ़ोतरी को लेकर बृहस्पतिवार शाम पकरीपुल चौराहे पर हाथ में बिजली का बिल लेकर विद्युत विभाग के खिलाफ नारेबाजी करने लगी। प्रदर्शन कर रही महिलाओं में पकरी गांव निवासी राधा रावत ने कहा कि उन्होंने ने विद्युत कर्मियों से स्मार्ट मीटर को लेकर विरोध जताया था तो कर्मियों ने धमकी दिया था कि अगर मीटर नहीं लगाया तो दस हजार रुपए का जुर्माना देना पड़ेगा जब से यह मीटर लगा है बिजली बिल छ से सात हजार रुपए आ रहा है जबकि इसके पूर्व ढाई हजार का बिल आता था ऐसे में उनकी रसोई की बजट बिगड़ गई है। प्रदर्शन में सम्मिलित गांव के ही रहने वाले दशरथ ने बताया कि उनके यहां पोस्टपेड मीटर लगा था जनवरी माह में प्रीपेड मीटर लगा दिया गया जिससे उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है अपने मीटर को पुनः पोस्टपेड कराने की मांग लेकर शक्ति भवन में शिकायत की थी जहां से उन्हें आदेशित भी कर दिया गया लेकिन पावर हाउस के कर्मचारी कोई सुनवाई नहीं कर रहे है। इसके अलावा मनमाने विद्युत बिल वसूली को लेकर प्रदर्शन में सुनीता रावत,आशा रावत,शिला, ओमवती हर्ष दत्त सूद समेत दर्जनों स्थानीय निवासी सम्मिलित रहे । इस दौरान हर्षदत्त सूद ने कहा कि मनमाने बिलों को लेकर यह सांकेतिक विरोध प्रदर्शन है इसके बावजूद भी अगर विद्युत विभाग नहीं चेता तो समस्त ग्रामीण वासी अपने घरों से मीटरों को उतार पॉवर हाउस पर धरना प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
.jpg)