Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

प्रतापगढः रहस्यमयी हालात में युवती की मौत! रात में घर से गायब, सुबह बाग में मिला शव


कुंडा/प्रतापगढ़। मानिकपुर थाना क्षेत्र के ककरहा खमसरा गांव में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। शनिवार रात तक घर में मौजूद 19 वर्षीय युवती अचानक लापता हो गई और रविवार सुबह उसका शव घर से कुछ दूरी पर आम के बाग में पेड़ से लटका मिला। घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

मृतका रीता सोनकर( 19 वर्ष) शंभू लाल सोनकर की पुत्री थी। परिजनों के अनुसार, शनिवार रात वह अपने कमरे में सोने गई थी, लेकिन देर रात बिस्तर पर नहीं मिली। परिजन रातभर उसकी तलाश करते रहे, मगर कोई सुराग नहीं लगा। सुबह एक ग्रामीण ने बाग में पेड़ से लटका शव देखा, जिसके बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर, क्षेत्राधिकारी कुंडा अमरनाथ गुप्ता समेत कई थानों की पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाए गए और हर पहलू पर जांच शुरू कर दी गई है।

परिजनों ने इस मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि रीता बिना किसी कारण रात में घर छोड़कर नहीं जा सकती थी। वहीं, कुछ ग्रामीणों के बीच इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी चल रही हैं, जिससे मामला और उलझता नजर आ रहा है।

रीता ने हाल ही में इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की थी। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की बेटी होने के बावजूद वह पढ़ाई में आगे बढ़ना चाहती थी। पिता ई-रिक्शा चालक हैं।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ कुंडा अमरनाथ गुप्ता ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध है, इसलिए हर बिंदु पर गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल इस घटना ने कई अनुत्तरित सवाल छोड़ दिए हैंकृयुवती रात में कहां गई? बाग तक कैसे पहुंची? और क्या इसके पीछे कोई साजिश है ? पुलिस इन्हीं सवालों के जवाब तलाशने में जुटी है।

-------------

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |