Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

लखनऊ: प्रेरणास्रोत बाबा नीम करौली जी की कृपा से ‘बृज की रसोई’ का सफल आयोजनरू एक निवाला, कई मुस्कानें


लखनऊ। प्रेरणास्रोत बाबा नीम करौली की कृपा से इण्डियन हेल्पलाइन सोसाइटी (पंजीकृत) द्वारा संचालित सेवा प्रकल्प बृज की रसोई के अंतर्गत आशियाना, लखनऊ में निःशुल्क भोजन वितरण कार्यक्रम का सफल एवं गरिमामय आयोजन किया गया।

आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जरूरतमंद बच्चों, महिलाओं एवं बुजुर्गों को स्वच्छ, पौष्टिक एवं ताजा भोजन वितरित किया गया। संस्था के स्वयंसेवकों द्वारा पूर्ण समर्पण एवं अनुशासन के साथ सेवा कार्य संपादित किया गया, जिससे पूरे आयोजन में गरिमा एवं मानवीय संवेदनाओं का विशेष ध्यान रखा गया।

इस अवसर पर संस्था के संस्थापक विपिन शर्मा ने कहा कि बृज की रसोई केवल भोजन वितरण का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में करुणा, सहयोग और मानवीय मूल्यों को जीवंत रखने का एक सतत प्रयास है। उन्होंने आमजन से आह्वान करते हुए कहा कि अपने जीवन के विशेष अवसरों जैसे बच्चों का जन्मदिवस, वर्षगाँठ या अन्य पारिवारिक उत्सव को केवल व्यक्तिगत खुशी तक सीमित न रखें, बल्कि इन्हें जरूरतमंद लोगों के साथ साझा कर सच्चे अर्थों में उत्सव बनाएं।

इसी क्रम में संस्था के सदस्य दिव्यांशु राज आनंद (वंश) का जन्मदिन भी सेवा स्थल पर बड़े ही स्नेहपूर्ण वातावरण में केक काटकर मनाया गया। इस अवसर पर उपस्थित जरूरतमंद बच्चों के साथ खुशियाँ साझा की गईं, जिसने पूरे आयोजन को और अधिक भावनात्मक एवं प्रेरणादायी बना दिया। संस्था ने अपील की कि जैसे दिव्यांशु राज आनंद ने अपना जन्मोत्सव सेवा के साथ मनाया, वैसे ही समाज के अन्य लोग भी अपने विशेष अवसरों को संस्था के साथ जोड़कर जरूरतमंदों तक खुशियाँ पहुँचा सकते हैं और अपने उत्सव को एक सार्थक रूप दे सकते हैं।

विकास पाण्डेय ने बताया कि बृज की रसोई केवल भोजन वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज में सेवा, सहयोग एवं मानवीय मूल्यों को सुदृढ़ करने का एक सतत प्रयास है। उन्होंने कहा कि एक निवाला किसी की मुस्कान बन सकता है इसी भावना के साथ संस्था निरंतर कार्य कर रही है।

संजय श्रीवास्तव ने कहा कि कार्यक्रम की सफलता में समाज के विभिन्न वर्गों से प्राप्त सहयोग एवं दानदाताओं की सहभागिता सराहनीय रही। संस्था ने सभी सहयोगियों, दानदाताओं एवं स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अधिक से अधिक लोगों से इस सेवा कार्य से जुड़ने का आह्वान किया।

इस सेवा कार्य में सी.एच. तिवारी, संजय श्रीवास्तव, विकास पाण्डेय, मोनू कनौजिया, आशीष श्रीवास्तव, अखिलेश सिंह, दिव्याशु राज आनन्द, निशांत सिंह, गोविन्द सिंह  सहित अनेक स्वयंसेवकों की सक्रिय सहभागिता रही।

सी. एच. तिवारी ने कहा कि संस्था भविष्य में भी इस प्रकार के सेवा कार्यक्रम नियमित रूप से जारी रखेगी, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुँचाई जा सके।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |