Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

प्रतापगढः सेवानिवृत्त वरिष्ठ सहायक लालमणि पाण्डेय को दी गयी भावभीनी विदाई


प्रतापगढ़। जिले के विकास भवन सभागार में गुरुवार को एक भावुक वातावरण के बीच 60 वर्ष की अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुये वरिष्ठ सहायक लालमणि पाण्डेय को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इस अवसर पर जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी, मुख्य विकास अधिकारी डा0 दिव्या मिश्रा, अपर जिलाधिकारी (वि0ध्रा0) आदित्य प्रजापति, उपजिलाधिकारी सदर अनुष्का शर्मा, परियोजना निदेशक डीआरडीए दयाराम यादव, डीसी मनरेगा सन्तोष कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें माल्यार्पण, अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह भेंट किया और उनके दीर्घ एवं उत्कृष्ट सेवाकाल को याद किया। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि लालमणि पाण्डेय ने अपने पूरे सेवाकाल में कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन का परिचय दिया। उन्होंने न केवल अपने दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया, बल्कि सहकर्मियों के साथ हमेशा सहयोगात्मक और सकारात्मक व्यवहार बनाए रखा। उनके शांत स्वभाव और कार्य के प्रति समर्पण ने उन्हें कार्यालय में एक अलग पहचान दिलाई।

जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे कर्मठ और ईमानदार कर्मचारियों की सेवाएं प्रशासन के लिए अमूल्य होती हैं। उन्होंने लालमणि पाण्डेय के उज्ज्वल भविष्य और स्वस्थ जीवन की कामना की। वहीं मुख्य विकास अधिकारी डा0 दिव्या मिश्रा व अपर जिलाधिकारी (वि0ध्रा0) आदित्य प्रजापति ने भी उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनका अनुभव और कार्यशैली आने वाले कर्मचारियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा।

ज्ञातव्य है कि लालमणि पाण्डेय ने 20 जून 2002 को कनिष्ठ लिपिक के पद पर अपनी सेवा की शुरुआत की थी। अपनी मेहनत और लगन के बल पर उन्होंने प्रशासनिक कार्यों में दक्षता हासिल की और 04 जनवरी 2016 को उनकी पदोन्नति वरिष्ठ सहायक के पद पर हुई। वे लगभग 9 वर्षों तक जिलाधिकारी के कैम्प कार्यालय में सम्बद्ध रहकर महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन करते रहे। अपने लगभग 23 वर्ष 10 माह के सेवाकाल में उन्होंने कई प्रशासनिक कार्यों को सरल और प्रभावी ढंग से संपन्न कराया। उनकी कार्यशैली, समय पालन और जिम्मेदारी के प्रति प्रतिबद्धता को सहकर्मी लंबे समय तक याद करेंगे।

कार्यक्रम के अंत में लालमणि पाण्डेय ने सभी अधिकारियों एवं सहकर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें अपने सेवाकाल के दौरान सभी का भरपूर सहयोग और स्नेह मिला, जिसे वे जीवन भर नहीं भूलेंगे। विदाई समारोह में कैम्प कार्यालय के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और सभी ने उन्हें भावभीनी शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखद एवं स्वस्थ भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के उपरान्त जिलाधिकारी ने स्वयं गाड़ी चलाकर सेवानिवृत्त वरिष्ठ सहायक लालमणि पाण्डेय को उनके निज निवास तक छोड़ने गये।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |