पीलीभीत। जनपद के इकरा पब्लिक गर्ल्स इंटर कॉलेज ने इस वर्ष बोर्ड परीक्षा परिणाम में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए शत-प्रतिशत सफलता दर्ज की है। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट दोनों कक्षाओं में सभी छात्राओं के उत्तीर्ण होने से विद्यालय परिसर में उत्साह और गर्व का माहौल बना हुआ है।
इंटरमीडिएट वर्ग में कुमारी फारिया ने 80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का मान बढ़ाया। वहीं हाईस्कूल परीक्षा में कुमारी अलीना बी ने 78 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया और अपनी मेहनत व लगन से सभी का दिल जीत लिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अखलाक हसन खान ने इस उत्कृष्ट परिणाम पर खुशी जताते हुए सभी छात्राओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता छात्राओं की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का संयुक्त परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये छात्राएं भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छूते हुए समाज और देश का नाम रोशन करेंगी।
विद्यालय के शिक्षकों एवं स्टाफ ने भी छात्राओं की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे पूरे संस्थान के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया। अभिभावकों ने भी बेटियों की इस सफलता पर खुशी जाहिर की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उल्लेखनीय है कि इस शानदार परिणाम ने न केवल विद्यालय की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाई दी है, बल्कि क्षेत्र में बेटियों की शिक्षा के प्रति विश्वास को भी और मजबूत किया है।
