Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

आगराः जिलाधिकारी का औचक निरीक्षण! जिला अस्पताल में अव्यवस्थाओं पर नाराजगी, तत्काल सुधार के निर्देश


आगरा। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने बुधवार को साईं की तकिया स्थित जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी, ब्लड टेस्ट लैब, इमरजेंसी वार्ड, सर्जरी वार्ड, पीडियाट्रिक वार्ड, महिला एवं बच्चों के वार्ड, हड्डी रोग विभाग, एंटी रेबीज केंद्र और डायलिसिस भवन सहित पूरे परिसर का भ्रमण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी को ओपीडी में अव्यवस्था, अफरातफरी और मरीजों-तीमारदारों की बेतरतीब भीड़ देखने को मिली। इस पर उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए सीएमएस और अस्पताल मैनेजर से मौके पर जवाब तलब किया। अधिकारियों द्वारा भीड़ का कारण अमरनाथ यात्रियों को बताया गया, जिस पर डीएम ने असंतोष जताते हुए पर्ची सिस्टम और व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने दवाओं और एंटी रेबीज वैक्सीन की उपलब्धता की भी जानकारी ली और समय पर मांग भेजकर आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण में कुछ डॉक्टर और वार्ड बॉय बिना एप्रन के पाए गए, वहीं मरीजों को बैठने वाली कुर्सियों पर सोते हुए देखा गया। अस्पताल में विभिन्न वार्डों, ओपीडी और लैब तक पहुंच की स्पष्ट जानकारी न होने तथा पुराने डॉक्टरों की सूची लगे होने पर भी नाराजगी जताई गई।

डीएम ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिए कि मुख्य प्रवेश द्वार सहित सभी स्थानों पर स्पष्ट साइनेज लगाए जाएं, जिनमें ओपीडी का समय, डॉक्टरों के नाम, विभागों और वार्डों की जानकारी उपलब्ध हो। साथ ही प्रत्येक वार्ड के बाहर डस्टबिन रखने, पूरे परिसर में साफ-सफाई सुनिश्चित करने और सभी तलों पर पेयजल व वाटर कूलर की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल में पूरे जनपद से मरीज आते हैं, इसलिए व्यवस्थाएं बेहतर होना आवश्यक है। “तत्काल सुधार किया जाए, मैं लगातार निरीक्षण करता रहूंगा,” उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने मरीजों और उनके तीमारदारों से बातचीत कर इलाज, दवाओं की उपलब्धता और भोजन व्यवस्था की जानकारी ली। अधिकांश मरीजों ने बताया कि डॉक्टरों और नर्सों द्वारा समय पर उपचार मिल रहा है तथा अस्पताल से दवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।

इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अरुण कुमार श्रीवास्तव, सीएमएस डॉ सुनीता राठौर, अस्पताल मैनेजर मोहित भारती सहित अन्य चिकित्सक मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |