Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

बीसलपुरः संदिग्ध परिस्थितियों में छात्र की मौत से मचा हड़कंप, परिजनों ने शव रखकर किया सड़क जाम! प्रेम प्रसंग में जहर देने का आरोप, पुलिस बोलीकृपोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी स्पष्टता


बीसलपुर। क्षेत्र के माधवापुर गांव में एक 20 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलने पर दियोरिया कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।

मृतक की पहचान संदीप भारती (20 वर्ष) पुत्र मनोज भारती निवासी माधवापुर के रूप में हुई है। संदीप राजकीय डिग्री कॉलेज हेमपुर बिलसंडा में बीए का छात्र था। उसके पिता मनोज भारती गांव में किराना स्टोर चलाते हैं और संदीप भी खाली समय में अपने पिता के साथ दुकान पर हाथ बंटाता था।

परिजनों के अनुसार, घटना की रात संदीप ने परिवार के साथ सामान्य रूप से भोजन किया और सोने चला गया। देर रात करीब 10रू30 बजे अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। घबराए परिजन उसे तत्काल एक निजी चिकित्सक के पास लेकर गए, लेकिन वहां उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।

मामले को लेकर परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि संदीप का एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था और इसी विवाद के चलते युवती के परिजनों ने उसे जहर दे दिया। हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला जहर खाने का प्रतीत हो रहा है, लेकिन वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। थानाध्यक्ष गौतम सिंह ने बताया कि अभी तक मृतक के परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।

इधर, पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव गांव पहुंचा, परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर दियोरिया-बीसलपुर मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष गौतम सिंह और वरिष्ठ उपनिरीक्षक अमित शर्मा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम समाप्त कराया जा सका। जाम खुलने के बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हुई और लोगों ने राहत की सांस ली।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |