बीसलपुर। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के प्रचार-प्रसार के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में ‘नारी शक्ति दीवार’ तैयार की गई, जिस पर छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने हस्ताक्षर कर महिला सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान संयोजक डॉ. दरख्शॉ ने नारी शक्ति के विभिन्न आयामों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि समाज के विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. डॉ. अलका मेहरा ने अपने संबोधन में कहा कि नारी वंदन अधिनियम महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
डॉ. चंद्र प्रभा गंगवार ने भी अपने विचार रखते हुए महिलाओं के अधिकारों और सामाजिक समानता पर जोर दिया। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. दरख्शॉ द्वारा किया गया।
इस अवसर पर डॉ. महेंद्रपाल, कार्यालय अधीक्षक दिनेश कुमार बाथम सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
