बीसलपुर। अपना दल (कमेरावादी) की मासिक बैठक रविवार को कैंप कार्यालय पर आयोजित की गई, जिसमें संगठनात्मक गतिविधियों के साथ-साथ आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में 9 मई को लखनऊ में आयोजित होने वाली विशाल रैली को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया। यह रैली यूजीसी समता विनियमन 2026 लागू कराने की मांग को लेकर आयोजित की जा रही है। इसके साथ ही 16 मई को बीसलपुर में मंडलीय स्तर की रैली आयोजित करने का निर्णय लिया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में सिराथू विधायक डॉ. पल्लवी पटेल शामिल होंगी।कार्यक्रम की सफलता के लिए क्षेत्रवार टीमों का गठन कर कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक में स्थानीय समस्याओं पर भी गंभीरता से चर्चा की गई।
जिला अध्यक्ष प्रेमसागर पटेल ने प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता को मूलभूत सुविधाओं के लिए जूझना पड़ रहा है। उन्होंने गैस की कालाबाजारी, भीषण गर्मी में लंबी लाइनों की समस्या, किसानों को उर्वरक की कमी तथा उनकी उपज का उचित मूल्य न मिलने जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए।
किसान नेता मोहम्मद साबिर उर्फ गुल्लू पहलवान ने गन्ना भुगतान में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए आंदोलन की चेतावनी दी। वहीं महिला मंच की जिला उपाध्यक्ष ममता वर्मा ने रसोइयों की दयनीय स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए उनके मानदेय में वृद्धि की मांग की।
बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष प्रेमसागर पटेल ने की, जबकि संचालन बलराम पटेल ने किया। इस दौरान शिवकुमार पटेल, प्रमोद पटेल, आजम अली, संजीव गंगवार, वीरेंद्र पटेल, हरिओम गंगवार, रामबाबू पटेल, सरिता पटेल सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
