अमेठीः होमगार्ड परीक्षा में अव्यवस्थाएं, भीषण गर्मी में प्यासे रहे अभ्यर्थी
April 26, 2026
अमेठी। आयोजित होमगार्ड भर्ती परीक्षा के दौरान व्यवस्थाओं की पोल खुलती नजर आई। परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि केंद्रों पर पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं थी। जहां पानी उपलब्ध भी था, वह भीषण गर्मी के कारण गर्म हो चुका था, जिससे परीक्षार्थियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।अभ्यर्थियों का कहना है कि कड़ी धूप और गर्म मौसम में ठंडे पानी की व्यवस्था न होना गंभीर लापरवाही है। कई छात्रों को मजबूरन बाहर से पानी खरीदकर अपनी प्यास बुझानी पड़ी।वहीं परीक्षा समाप्ति का समय शाम 5 बजे होने के कारण भीमराव अंबेडकर चैराहा पर भारी जाम की स्थिति बन रही है। परीक्षा केंद्रों से एक साथ निकलने वाले अभ्यर्थियों और वाहनों की भीड़ के चलते यातायात व्यवस्था चरमरा जा रही है, जिससे घर लौटने में काफी समय लग रहा है।इस संबंध में प्रबंधक काशी प्रसाद ने बताया कि “हमारे यहां हर रोड पर बसों की व्यवस्था की गई है, ताकि अभ्यर्थियों को आवागमन में सुविधा मिल सके।” फिलहाल अभ्यर्थियों ने प्रशासन से मांग की है कि परीक्षा केंद्रों पर पेयजल की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और ट्रैफिक प्रबंधन को दुरुस्त किया जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
