फतेहगंज पश्चिमी। कस्बे के मोहल्ला भिटौरा में अज्ञात चोरों ने बंद पड़े घर को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर जेवरात सहित नकदी चुरा ले गए।
जानकारी के अनुसार निवासी मोहल्ला भिटौरा ट्यूबवेल के पास नवनीत गंगवार अपने गाँव अमोर में चाचा की शादी के मंडप में शामिल होने गए हुए थे। सोमवार को बारात जानी थी, इसी दौरान उनका घर बंद पड़ा था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने घटना को अंजाम दिया।सोमवार सुबह जब वह घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर जाने पर सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी में रखी 5 जोड़ी पायल, एक सोने का मंगलसूत्र, घर में लगी एक एलसीडी और 30,900 रुपये नगद चोरी हो चुके थे।
घटना की सूचना पीड़ित ने तत्काल 112 नंबर पर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया। पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से चोरों की तलाश कर रही है।
