लखनऊ। मोहनलालगंज तहसील के ग्राम गौरा गांव के भाटनखेड़ा में पानी टंकी का पाइप कई महीनों से टूटा पड़ा है। इससे रोजाना हजारों लीटर पानी सड़क पर बह रहा है। पानी बहने से गांव की सड़क भी पूरी तरह खराब हो चुकी है।
पाइप टूटने की वजह से टंकी में आने वाला सारा पानी सड़क पर ही बह जाता है। नतीजा यह है कि ग्रामीणों के घरों की टोटियों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा। लोगों को पीने के पानी के लिए भी इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।
लगातार जलभराव से सड़क गड्ढों में बदल गई है। कीचड़ और फिसलन से लोगों का चलना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद जिम्मेदार विभाग ने पाइप की मरम्मत नहीं कराई।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द पाइप ठीक कराकर पानी की आपूर्ति सुचारू करने की मांग की है।
