Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

रुद्रपुर: बंग भवन के लिए नई भूमि चिन्हित! पुराने कोषागार भवन पर बनेगी आधुनिक सुविधा युक्त दो मंजिला इमारत


रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा को धरातल पर उतारने के लिए नगर निगम ने तेजी से कवायद शुरू कर दी है। इसी क्रम में बंगाली समाज की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करने की दिशा में अहम कदम उठाते हुए बंग भवन के लिए नया स्थान चिन्हित कर लिया गया है। महापौर विकास शर्मा ने विधायक शिव अरोरा, प्रशासनिक अधिकारियों और बंगाली समाज के प्रतिनिधियों के साथ स्थलीय निरीक्षण कर स्थल का चयन किया और अधिकारियों को शीघ्र डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए।

विदित हो कि बंगाली समाज लंबे समय से जिला मुख्यालय पर बंग भवन के निर्माण की मांग करता आ रहा है। महापौर विकास शर्मा के प्रयासों से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस भवन के निर्माण की सार्वजनिक घोषणा की थी, जिसके तहत प्रथम किश्त भी जारी की जा चुकी है। पूर्व में नगर निगम द्वारा मोदी मैदान के पास भूमि चिन्हित की गई थी, लेकिन तकनीकी अड़चनों के चलते भूमि हस्तांतरण संभव नहीं हो पाया। इसके बाद वैकल्पिक स्थान को लेकर पुनः मंथन किया गया।

शनिवार शाम महापौर ने विधायक शिव अरोरा, दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पांडे, एडीएम पंकज उपाध्याय, तहसीलदार दिनेश कुटोला तथा बंगाली समाज के गणमान्य लोगों के साथ किच्छा बाईपास रोड स्थित आकांक्षा ऑटोबाइल के सामने उस भवन का निरीक्षण किया, जहां पूर्व में कोषागार कार्यालय संचालित होता था। यह भवन वर्तमान में जर्जर स्थिति में है। विस्तृत निरीक्षण और विचार विमर्श के बाद सर्वसम्मति से इस स्थान को बंग भवन के लिए उपयुक्त माना गया और इसे अंतिम रूप से चिन्हित कर लिया गया।

महापौर विकास शर्मा ने बताया कि लगभग 1400 वर्ग फीट क्षेत्रफल में बने पुराने भवन को ध्वस्त कर यहां अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित दो मंजिला भवन का निर्माण कराया जाएगा। प्रस्तावित भवन में बेसमेंट पार्किंग की व्यवस्था के साथ सामुदायिक कार्यक्रमों, सांस्कृतिक आयोजनों और बैठकों के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शीघ्र डीपीआर तैयार कर शासन को भेजी जाए, ताकि स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य प्रारंभ किया जा सके।

महापौर ने  कहा कि यह केवल एक भवन का निर्माण नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक पहचान और सामुदायिक एकता को सशक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि बंग भवन बंगाली समाज के लिए ऐतिहासिक सौगात साबित होगा, जहां उनकी सांस्कृतिक गतिविधियों को एक सशक्त मंच मिलेगा। आगे कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन और सहयोग से रुद्रपुर में विकास कार्यों को नई गति मिली है। शहर को सुनियोजित और आधुनिक स्वरूप देने के लिए लगातार योजनाएं तैयार की जा रही हैं और आने वाले समय में कई बड़ी परियोजनाएं धरातल पर उतरेंगी। महापौर ने स्पष्ट कहा कि रुद्रपुर के समग्र विकास के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और प्रत्येक वर्ग की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |