पीलीभीत। संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल में नेतृत्व परिवर्तन के साथ ही व्यापारिक वर्ग में नई उम्मीदें जागी हैं। ब्रज मोहन सक्सेना उर्फ बबलू को जिलाध्यक्ष बनाए जाने के बाद शहर के व्यापारियों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। नव नियुक्त जिलाध्यक्ष के सम्मान में मानसी एडवरटाइजर कार्यालय, महिला थाना के निकट एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अखिल भारतीय चित्रांश महासभा, पीलीभीत के पदाधिकारियों ने अंगवस्त्र और माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में सामाजिक और व्यापारिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय की झलक भी देखने को मिली।
ब्रज मोहन सक्सेना ने कहा कि यह पद उनके लिए जिम्मेदारी के साथ-साथ विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि व्यापारियों की समस्याओं के समाधान और संगठन को मजबूत बनाने के लिए पूरी ईमानदारी से कार्य करेंगे। उन्होंने व्यापारियों से एकजुट रहने की अपील भी की। वर्तमान समय में व्यापारियों के सामने कई चुनौतियां हैं। ऐसे में मजबूत नेतृत्व से ही समस्याओं का समाधान संभव है। व्यापारिक समुदाय को उम्मीद है कि नए नेतृत्व में संगठन और अधिक सक्रिय होकर कार्य करेगा।
